खरसिया, 07 जुन। रायगढ़ जिले के खरसिया थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बसनाझर में एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसे में एक मासूम बच्चे की जान चली गई। घटना 6 जून 2026 की है, जहां पिकअप वाहन चालक की कथित लापरवाही के कारण टेंट की रस्सी बच्चे के गले में फंस गई और वह वाहन से नीचे गिर गया, जिससे उसकी मौत हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम फुलबंधिया निवासी शिकायतकर्ता गोवर्धन प्रसाद सोनी ने खरसिया थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि उनके नाती वीरेन्द्र सोनी के साथ गांव के अन्य बच्चे रूद्र कुर्रे एवं आयुष सोनी को गांव के नंद कुमार सोनी के पिकअप वाहन क्रमांक CG13V0326 का चालक सोनू डनसेना सेंट्रिंग का सामान लाने के लिए ग्राम बसनाझर लेकर गया था।
बताया गया कि बसनाझर से सेंट्रिंग सामग्री लोड करने के बाद चालक बच्चों को पिकअप के पीछे बैठाकर वापस लेकर आ रहा था। इसी दौरान बसनाझर गांव की बस्ती में रामायण कार्यक्रम के लिए टेंट लगाया गया था। आरोप है कि चालक वाहन को तेज गति और लापरवाहीपूर्वक चलाते हुए टेंट के पास से गुजरा। इस दौरान टेंट में बंधी रस्सी अचानक वीरेन्द्र सोनी के गले में फंस गई, जिससे वह वाहन से नीचे गिर गया।
हादसा इतना भयावह था कि गिरने से वीरेन्द्र के गले और बाएं कान में गंभीर चोट आई। उसका बायां कान कटकर अलग हो गया। गंभीर चोटों के कारण मासूम की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर खरसिया पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। शिकायत के आधार पर पिकअप चालक सोनू डनसेना के विरुद्ध एफआईआर क्रमांक 0270/26 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 106(1) के तहत अपराध कायम कर विवेचना में लिया गया है।






















