- रायगढ़ में पांच कारोबारी हैं जांच के दायरे में, दस्तावेजों के अलावा बैंक लॉकर की भी जांच
रायगढ़ (केलो प्रवाह)। बुधवार सुबह से पहुंची आयकर विभाग की टीमें तीन दिनों से रायगढ़ में डटी हुई हैं। अब पता चला है कि पहले करीब 7-8 स्थानों पर ही छापेमारी होनी थी। कडिय़ां जुड़ती चली गई और रायगढ़ के 16 ठिकानों पर जांच चल रही है। करीब 200 अधिकारियों की टीमें लगी हुई हैं। बुधवार सुबह से आयकर विभाग ने पीआरए ग्रुप के सूरजपुर, बिलासपुर, रायपुर, अंबिकापुर समेत रायगढ़ के ठिकानों पर कार्रवाई शुरू की थी। रायगढ़ में बर्बरीक प्रोजेक्ट लिमिटेड से जुड़े ठिकानों पर आयकर अधिकारी पहुंचे हैं।
बुधवार से ही रायगढ़ इस्पात, सन स्टील, चैतन्य नगर, कोतरा रोड, कृष्णा कॉम्पलेक्स, गोपी स्टील आदि के 16 ठिकानों पर कार्रवाई चल रही है। तीन ब्रोकर्स के यहां हुई जांच में कच्चे में लेन-देन के प्रमाण मिले हैं। आयकर विभाग ने अंकित अग्रवाल गोपी स्टील, बंटी अग्रवाल सरिया और अतुल मुंदड़ा के ठिकानों पर छापेमारी की है। तीन दिनों से 200 अफसरों की टीमें लगी हुई हैं। कुछ बैंक लॉकर और एकाउंट भी सामने आए हैं। आयकर विभाग की टीमें वैध स्रोतों से हुई आय और अर्जित संपत्ति की जांच कर रही है।
इतनी लंबी कार्रवाई के पीछे क्या?
आयकर विभाग की कार्रवाई का फोकस पीआरए ग्रुप ही है। तीन दिनों तक दस्तावेज खंगाले जा रहे हैं। आय के स्रोतों से कमाई की जानकारी जुटाई जा रही है। तीनों ब्रोकर्स से कई अन्य कंपनियों की जानकारी भी मिली है। कुछ बड़े ठेकेदारों से भी लिंक मिला है। कुछ कबाड़ी भी सामने आए हैं। जांच में आंध्रप्रदेश के अधिकारी भी शामिल हैं। आयकर विभाग की ओर से वेबसाइट पर भी कोई जानकारी नहीं दी गई है।

























