रायगढ़, केलोप्रवाह। मौत की डगर कहे जाने वाले रायगढ़ के औद्योगिक मार्गों पर दिन-रात दौड़ते भारी वाहनों का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। शुक्रवार को तमनार इलाके में कोयले से लदे एक तेज रफ्तार ट्रेलर ने एक ही घर के दो चिराग बुझा दिए। जेपीएल गेट के सामने हुंकराडीपा रोड पर हुए इस भीषण हादसे में बुलेट सवार सगे भाई-बहन की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद चालक ट्रेलर छोड़कर फरार हो गया।
भाई था छात्र, बहन प्लांट में करती थी काम
मृतकों की पहचान मिलूपारा निवासी 21 वर्षीय घनश्याम डनसेना और 23 वर्षीय कुंती डनसेना के रूप में हुई है। दोनों परमेश्वर डनसेना की संतान थे। घनश्याम अभी पढ़ाई कर रहा था, जबकि कुंती पास के एक प्लांट में काम कर परिवार की आर्थिक मदद करती थी। शुक्रवार दोपहर दोनों अपनी बुलेट (सीजी 13 बी 7520) से किसी जरूरी काम के लिए रायगढ़ निकले थे। किसी को अंदाजा नहीं था कि यह उनका आखिरी सफर होगा।
जेपीएल गेट के सामने पीछे से आई मौत
जानकारी के अनुसार, दोनों जब हुंकराडीपा रोड पर जेपीएल गेट के पास पहुंचे, तभी पीछे से आ रहे ट्रेलर (सीजी 13 एवी 5418) के चालक ने लापरवाही से गाड़ी चलाते हुए उनकी बुलेट को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों छिटककर सड़क पर जा गिरे और ट्रेलर के पहियों के नीचे आ गए। सिर कुचल जाने से दोनों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। इसके बाद चालक ट्रेलर वहीं छोड़कर फरार हो गया।
मौके पर जुटी भीड़, पुलिस ने उठवाए शव
दिनदहाड़े हुए इस हादसे के बाद मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों की सूचना पर तमनार थाना प्रभारी प्रशांत राव अहेर दलबल के साथ पहुंचे। पुलिस ने शवों को उठवाकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवाया और बाधित यातायात बहाल कराया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए।
ट्रेलर जब्त, चालक की तलाश जारी
पुलिस ने ट्रेलर को जब्त कर लिया है। थाना प्रभारी ने बताया कि मर्ग कायम कर जांच की जा रही है और फरार चालक की तलाश जारी है। ट्रेलर के मालिक का नाम बासनपाली निवासी टीकाराम पटेल बताया जा रहा है। जवान बेटे और बेटी की एक साथ मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। औद्योगिक क्षेत्र होने के कारण इस मार्ग पर बड़े वाहनों की रेलपेल लगी रहती है। हुंकराडीपा रोड का यह हादसा इसी बेलगाम यातायात का ताजा शिकार बना है।


































You must be logged in to post a comment.