- क्रेन ऑपरेटर दूसरा लैडल लेकर आ गया, टकराकर नीचे गिरा लैडल, बुधवार को हुआ पोस्टमार्टम
रायगढ़, (केलो प्रवाह)। पूंजीपथरा थाना क्षेत्र स्थित आरएस इस्पात प्लांट में एक बड़ा हादसा हो गया। एक लैडल की सेटिंग कर रहे ऑपरेटर को पता नहीं चला कि क्रेन ऑपरेटर दूसरा लैडल लेकर आ गया। दोनों लैडल टकराए और चपेट में आने से 26 वर्षीय कर्मचारी की मौत हो गई। यह घटना मंगलवार को हुई। पूंजीपथरा स्थित आरएस इस्पात में मुंगेर बिहार निवासी फंटूश कुमार लैडल मैन के रूप में कार्यरत था। घटना के समय वह लैडल सेटिंग कर रहा था, तभी एक क्रेन ऑपरेटर दूसरा लैडल लेकर वहीं पहुंच गया। लापरवाही से दोनों लैडल टकरा गए और नीचे गिरे।
लैडल के प्लेटफॉर्म पर गिरने से उसकी चपेट में फंटूश कुमार भी आ गया। वह गंभीर रूप से घायल हो गया था। बताया जा रहा है कि घटनास्थल पर ही उसने दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और औद्योगिक स्वास्थ्य एवं सुरक्षा विभाग ने जांच शुरू कर दी है। बुधवार को शव का पोस्टमार्टम किया गया जिसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। घटना में स्पष्ट तौर पर लापरवाही नजर आ रही है। आईएचएसडी विभाग ने घटना के बाद बयान लेना शुरू कर दिया है। इसके बाद प्लांट प्रबंधन पर कार्रवाई की जाएगी।
अप्रशिक्षित कर्मचारी, हादसों की मुख्य वजह
उत्पादन का दबाव और प्रशिक्षण में कमी, आजकल औद्योगिक हादसों की प्रमुख वजह हैं। आरएस इस्पात में भी लैडल सेटिंग करते समय क्रेन से दूसरा लैडल लाया गया। इतने करीब से क्रेन गुजरा कि लैडल टकरा गए। संतुलन बिगडऩे के कारण लैडल प्लेटफॉर्म पर गिरा। घटना के बाद प्लांट में अफरा-तफरी मच गई। कंपनी प्रबंधन को इसकी जानकारी दी गई। औद्योगिक स्वास्थ्य एवं सुरक्षा विभाग की टीम ने प्रारंभिक रूप से प्लांट के अंदर सुरक्षा मानकों में कमी पाई है। जांच के बाद आगे कार्रवाई की जाएगी।

























