छोड़कर सामग्री पर जाएँ

न जमीन दलालों को रोक पाए, न बुजुर्ग महिला को मिला न्याय

file 00000000ffd88230b67ea14a8fa5b6e9 1
  • 40 लाख की जमीन का दो लाख में सौदा, महिला को धोखे में रखकर करवाई रजिस्ट्री

रायगढ़, (केलो प्रवाह)। जमीन रजिस्ट्री के बाद बिना तस्दीक के नामांतरण हो रहा है। इसका जितना लाभ क्रेताओं को मिल रहा है, उतना ही जमीन दलालों को भी प्राप्त हो रहा है। कहीं कोई गड़बड़ी होने पर कार्रवाई होने से पहले जमीन का मालिक बदल जाता है। कई लोग धोखे से जमीन रजिस्ट्री करवा रहे हैं जिसमें उप पंजीयक धरमजयगढ़ भी सहायता कर रही हैं। एक बुजुर्ग अशक्त महिला की तीन एकड़ जमीन का सौदा मात्र दो लाख रुपए में कर दिया गया। रजिस्ट्री के दस्तावेजों से चैक की फोटोकॉपी भी गायब है। उप पंजीयक पूनम सिदार के सामने नकदी में लेन-देन होता रहा। जमीन दलालों ने पूरे धरमजयगढ़ को अपने काबू में कर लिया है।

राजस्व विभाग के साथ-साथ धरमजयगढ़ उप पंजीयक कार्यालय में तो इन जमीन दलालों का काम सबसे पहले होता है। पिछले कुछ दिनों में कई संदेहास्पद रजिस्ट्रियां हो चुकी हैं, जिनमें सरकारी जमीनें, आवंटन जमीन, जंगल तक बिक गए हैं। एक बुजुर्ग महिला का मामला तो बेहद गंभीर है। चलने-फिरने में असमर्थ राम कुंवर यादव के भूमिस्वामी हक की जमीन बकालो तहसील कापू में स्थित है। खनं 167, 172, 174, 285/2, 285/3, 295/3, 297/17 और 297/19 कुल रकबा 1.141 हे. को जबर्दस्ती रजिस्ट्री करवाई गई। महिला ने शिकायत में परमेश्वर पिता किरीत राम और आनंद जांगड़े का नाम लिया है। उप पंजीयक के चेम्बर में महिला को रुपए देते हुए राहुल टंडन नामक व्यक्ति भी नजर आया है।

एसडीएम से शिकायत में महिला का कहा था कि उसकी सहमति के बिना ही पूरी जमीन ब्रजेश्वरी गुप्ता पति जयनंद गुप्ता निवासी नवापारा रायगढ़ के नाम पर रजिस्ट्री करवा दी गई। 24 अगस्त को परमेश्वर पिता किरीतराम निवासी पेलमा और आनंद जांगड़े निवासी कापू उसको कार में बैठाकर धरमजयगढ़ लाए। पूरी जमीन की रजिस्ट्री ब्रजेश्वरी गुप्ता के नाम पर करवा दी गई। उप पंजीयक पूनम सिदार के सामने रजिस्ट्री में आईसीआईसीआई बैंक धरमजयगढ़ का चैक नंबर 000875 दर्ज किया गया लेकिन रजिस्ट्री दस्तावेजों से चैक की फोटोकॉपी गायब है। चैक से आहरण की जांच की गई तो एक और फर्जीवाड़ा सामने आएगा। तीन एकड़ जमीन की कीमत कम से कम 40 लाख है।

कोई कार्रवाई नहीं कर सके एसडीएम
एसडीएम धरमजयगढ़ को बुजुर्ग महिला ने लिखित शिकायत की थी। करीब 3 एकड़ जमीन की रजिस्ट्री करवाने के बाद महिला को मात्र दो लाख रुपए दिए गए। यह घटनाक्रम उप पंजीयक पूनम सिदार के सामने हुआ। इस मामले में धरमजयगढ़ एसडीएम भी जमीन दलालों के सामने कुछ नहीं कर पाए। बताया जा रहा है कि इस केस में क्षेत्र के सबसे बड़ी जमीन दलाल फंस रहे हैं।

इस खबर को शेयर करें:

8690517c9326392a68531b5faf7668b00e00b86685972a50e34c21832c7c1c6c?s=90&d=mm&r=g

Editorial

News Room

छत्तीसगढ़ के रायगढ़ से 1988 से निरंतर प्रकाशित दैनिक समाचार पत्र 'केलो प्रवाह' का यह Official Digital News Room है। हमारी संपादकीय टीम देश और छत्तीसगढ़ की प्रमुख खबरों, सीएम की गतिविधियों और शासन की जनहितैषी योजनाओं को प्रमुखता से साझा करती है। किसानों के हित में समर्पित हमारी टीम, 'जल, जंगल और जमीन' से जुड़े संवेदनशील मुद्दों और विभिन्न विभागों में पारदर्शिता सुनिश्चित करने वाली रिपोर्टिंग के साथ ही सुदूर अंचलों की ज़मीनी हकीकत को सामने लाती है। जनहित से जुड़ी गतिविधियों, खनिज और औद्योगिक क्षेत्रों की 'Exclusive' खबरों को Evidence के साथ प्रमाणिकता से प्रकाशित करना हमारी प्राथमिकता है। राजनीति, प्रशासन, अपराध, स्पोर्ट्स, रोज़गार, खेती-किसानी और धार्मिक विषयों सहित हर क्षेत्र की खबरों को पूरी शुचिता के साथ प्रस्तुत करना ही हमारा संकल्प है।

Share: