खरसिया। आचार्य गद्दी श्री कबीर धर्म स्थान, खरसिया एवं श्री बालाजी मेट्रो हॉस्पिटल, रायगढ़ के संयुक्त तत्वाधान में आयोजित विशाल निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर जनसेवा की एक नई मिसाल कायम करते हुए संपन्न हुआ। इस भव्य आयोजन में क्षेत्र के 1200 से अधिक मरीजों ने अपनी स्वास्थ्य जांच कराई और विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श प्राप्त किया। शिविर की उत्कृष्ट व्यवस्था और व्यापक जनभागीदारी ने इसे खरसिया के इतिहास के सबसे सफल चिकित्सा आयोजनों में से एक बना दिया है। श्री बालाजी मेट्रो हॉस्पिटल, रायगढ़ इस पूरे
आयोजन के केंद्र में रहा, जिसके कुशल विशेषज्ञों और अत्याधुनिक चिकित्सा दृष्टिकोण ने शिविर की सफलता सुनिश्चित की। अस्पताल के अनुभवी डॉक्टरों की टीम ने हृदय रोग, हड्डी रोग, स्त्री रोग और सामान्य बीमारियों सहित विभिन्न जटिल रोगों के लिए नि:शुल्क परामर्श दिया। अस्पताल के मैनेजिंग डायरेक्टर एवं वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. प्रकाश मिश्रा के नेतृत्व में पहुँचे इस चिकित्सा दल ने अपनी संवेदनशीलता और विशेषज्ञता से यह सिद्ध कर दिया कि स्वास्थ्य सेवा उनके लिए केवल पेशा नहीं बल्कि एक पुनीत संकल्प है। नगर एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से आए नागरिकों ने इस पहल की मुक्त कंठ से सराहना की है।
स्थानीय निवासियों ने शिविर के प्रबंधन को ‘सुपर’ बताते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग को बड़े अस्पतालों के विशेषज्ञों से सीधे जुड़ने का अवसर मिलता है। शिविर की भव्यता और प्रभावी चिकित्सा सेवाओं ने इसे पूरे खरसिया क्षेत्र में चर्चा का केंद्र बना दिया है। आयोजन की सफलता पर समिति ने श्री बालाजी मेट्रो हॉस्पिटल के समस्त डॉक्टरों और पैरामेडिकल स्टाफ के प्रति आभार प्रकट किया है। विशेष रूप से डॉ. प्रकाश मिश्रा के समाजसेवी दृष्टिकोण को इस सफलता का मुख्य आधार बताया गया।
आयोजन समिति ने उन्हें उनके निरंतर सामाजिक सहयोग के लिए विशेष धन्यवाद ज्ञापित किया। यह स्वास्थ्य शिविर स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र में एक प्रेरणादायक उदाहरण के रूप में याद किया जाएगा।

























You must be logged in to post a comment.