रायगढ़। सोशल मीडिया पर बने रिश्ते की मासूमियत ने एक युवती की जिंदगी को झकझोर दिया। इंस्टाग्राम पर दोस्ती करने वाला नाबालिग किशोर, शादी का झांसा देकर युवती का शारीरिक शोषण करने के बाद शादी से साफ इंकार कर दिया। घटना की शिकायत पीड़िता ने 25 अगस्त को थाना पुसौर में दर्ज कराई। पीड़िता ने बताया कि लगभग दो माह पहले उसकी इंस्टाग्राम पर पहचान एक किशोर से हुई थी। बातचीत और निकटता धीरे-धीरे बढ़ी। एक माह पूर्व, जब वह घर में अकेली थी, आरोपी उसके घर पहुंचा और शादी का भरोसा दिलाकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। बाद में जब पीड़िता ने विवाह की बात कही, तो आरोपी ने साफ इंकार कर दिया।
थाना प्रभारी निरीक्षक रामकिंकर यादव ने मामले को गंभीरता से लिया और वरिष्ठ अधिकारियों को तुरंत सूचित किया। महिला विवेचक उप निरीक्षक संध्या रानी कोका के नेतृत्व में एफआईआर दर्ज की गई और पीड़िता का बयान विधिवत दर्ज किया गया। तत्परता से कार्रवाई करते हुए आरोपी के घर दबिश दी गई, जहाँ उसकी नाबालिग होने की पुष्टि हुई। आरोपी को अभिरक्षा में लेकर किशोर न्याय बोर्ड रायगढ़ में पेश किया गया, जहाँ से उसे बाल संप्रेषण गृह भेज दिया गया।
एसपी दिव्यांग पटेल के निर्देशन और सीएसपी मयंक मिश्रा के मार्गदर्शन में इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक रामकिंकर यादव, उप निरीक्षक संध्या रानी कोका, सहायक उप निरीक्षक मनमोहन बैरागी, महिला प्रधान आरक्षक जेनिपा पन्ना, प्रधान आरक्षक कृष्ण कुमार गुप्ता, आरक्षक योगेश उपाध्याय, और आरक्षक ओश्निक विश्वास की अहम भूमिका रही।























