रायगढ़। नगरीय निकाय चुनाव की घोषणा के साथ ही वार्ड 08 की जनता ने अपने क्षेत्रीय प्रतिनिधियों के पिछले पांच वर्षों के कार्यकाल का मूल्यांकन करना शुरू कर दिया है। इस बीच, केलो प्रवाह की टीम ने वार्ड 08 के विभिन्न मोहल्लों का दौरा कर नागरिकों से सीधे संवाद किया। उनके अनुभव, शिकायतें और उम्मीदें सुनकर यह समझने की कोशिश की कि क्या अब तक की योजनाओं और कार्यों ने उनकी अपेक्षाओं को पूरा किया है।
बुनियादी समस्याएं और शिकायतें
रवि चौहान ने गोकुलधाम रोड की नालियों की सफाई की समस्या को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने बताया कि डेंगू के समय इस इलाके की समस्याओं को नजरअंदाज किया था। आज भी नालियाँ जाम हैं। अर्जुन वस्त्रकार ने भी इस मुद्दे पर अपनी चिंता जाहिर करते हुए कहा कि नालियां साफ नहीं होतीं और उन्हें खुद यह काम करना पड़ता है। सिद्धिविनायक कॉलोनी में भी सफाई की नियमित व्यवस्था में कमी रही है, जिससे नागरिकों को असुविधा का सामना करना पड़ा। कृष्णा डायमंड कॉलोनी के ईडब्ल्यूएस निवासियों ने निगम प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। कृष्णा डायमंड कॉलोनी के निवासियों ने पानी और सफाई की समस्याएं उठाईं। सरिता देवी और सीमा साहू ने शिकायत की कि पानी का प्रेशर कम है कुछ ब्लॉक में पानी की सप्लाई में रुकावट आती है।
लाइट गुल होने पर बोर बंद हो जाती है, जिससे समस्या बढ़ जाती है। यहां एक बोरिंग की मांग है। सुदीप्ता माइती और सावित्री सिंह ने कहा कि सफाई की कमी के कारण बीमारियों का खतरा बढ़ रहा है। शिव जायसवाल, अंजनी, यशोदा, रुक्मणि, मंजुलता, सुनीता चौहान, प्रियंका, ललिता जायसवाल और निमन स्वर्णकार ने आरोप लगाया कि मोहल्ले के कुछ रसूखदार लोग अपने घरों की नालियों को कॉलोनी की मुख्य नालियों से जोड़ रहे हैं, जिससे जल निकासी बाधित हो रही है। नागरिकों ने बताया कि इस मुद्दे को लेकर पार्षद से कई बार निवेदन किया गया, लेकिन कोई समाधान नहीं निकला। इसके अलावा मोहल्ले की कुछ-कुछ स्थानों पर साफ सफाई में कमी की बात सामने आई।


तालाबों के जीर्णोद्धार की मांग
बड़े रामपुर और दर्राडीपा में स्थित तालाबों की सफाई और सौंदर्यीकरण की मांग भी जोर पकड़ रही है। बड़े रामपुर के निवासियों विद्याधर किसान, प्रतिभा किसान, पद्मिनी चौहान और कुमारी चौहान ने अमृत मिशन के तहत पानी की आपूर्ति में कमी की शिकायत की। उन्होंने कहा कि बरसात को छोडक़र तालाब हमेशा सूखा रहता है। दर्राडीपा तालाब को भी साफ और सुंदर बनाने की मांग उठी।


शराब दुकान के खिलाफ नाराजगी
बड़े रामपुर के निवासियों ने क्षेत्र में स्थित शराब दुकान और अहाता को लेकर कड़ा विरोध जताया। उनका कहना है कि इन दुकानों के कारण इलाका नशेडिय़ों और शराबियों का अड्डा बन चुका है, जिससे स्थानीय माहौल बुरी तरह प्रभावित हो रहा है जिससे महिलाएं और बच्चे असुरक्षित महसूस करते हैं। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि इन दुकानों को तुरंत हटाया जाए। मोहल्ले वासियों ने पार्षद के कार्यकाल को संतोषजनक बताया।

वार्ड में है ननकी नोनी का दबदबा
वार्ड के विभिन्न मोहल्लों में लोगों से बातचीत के बाद यह स्पष्ट हुआ कि ननकी नोनी का क्षेत्र में अच्छा-खासा प्रभाव है। स्थानीय निवासी उनके संघर्षशील और सहयोगी स्वभाव की सराहना करते हैं। चांदमारी के अनिल साहू और अन्य निवासियों ने बताया कि पार्षद के कार्यकाल से लोग संतुष्ट हैं। रियापारा से चांदमारी जाने वाले मोहल्लों में भी लोगों ने उनके द्वारा किए गए विकास कार्यों की प्रशंसा की। कछवाहा हाउस से रामपुर की ओर के इलाकों में निवासियों ने उनके कार्यकाल को संतोषजनक बताते हुए कहा कि उन्होंने यहां सड़कों का व्यापक विकास किया है, जो पहले के पार्षद नहीं कर पाए।

ज्यादातर लोगों का कहना है कि ननकी नोनी किसी भी जरूरत के समय, चाहे वह अस्पताल से जुड़ा हो या अन्य कोई आपातकालीन स्थिति, हमेशा मदद के लिए तत्पर रहती हैं। उनके जैसा समर्पित पार्षद मिलना दुर्लभ है। मोहल्ले के मोहन यादव, पालूराम रघुवंशी, कृष्णा वंशी, प्रेम यादव और श्रवण चौहान ने भी उनके कार्यकाल की सराहना की। फिरोज, योगेंद्र वैष्णव, गीता विश्वकर्मा, राम बाई विश्वकर्मा, हरनाम और झूलो बाईं डनसेना ने कहा कि पार्षद बेहद सहयोगी हैं और हर समस्या पर तुरंत खड़ी हो जाती हैं। उनके अनुसार, ननकी नोनी न केवल समस्याओं का समाधान करती हैं, बल्कि सुख-दुख में भी लोगों की सच्ची साथी हैं।

विकास कार्यों का दावा
निवर्तमान पार्षद रुक्मणी साहू के प्रतिनिधि दिगम्बर लाल ने अपने कार्यकाल में किए गए विकास कार्यों का दावा करते हुए कहा कि उन्होंने वार्ड के विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता दी। उन्होंने बताया चांदमारी से गोवर्धन पुलिया तक 1 करोड़ रुपये की लागत से सडक़ निर्माण, रामपुर में कचरा डंप यार्ड की सफाई और सामुदायिक भवन का जीर्णोद्धार और बाउंड्री वॉल बनाया गया। इसके अलावा, रामपुर से जेबा फार्म हाउस तक 80 लाख रुपये की लागत से सडक़ और नाली निर्माण, वाटर वल्र्ड चौक से जोगीडीपा पुलिया तक सडक़ निर्माण किया गया जिससे क्षेत्र में यातायात की समस्याओं में सुधार हुआ है। गोवर्धनपुर पुल के पास सब स्टेशन निर्माण को उन्होंने अपने कार्यकाल की प्रमुख उपलब्धि बताया।

दिगम्बर लाल ने सफाई व्यवस्था में आई कमियों के बारे में बताते हुए कहा कि वार्ड की कई कॉलोनियां, जैसे केसर परिसर, गोल्डन नेक्स, गोकुल धाम और कृष्णा डायमंड हिल, नगर निगम को हैंडओवर नहीं हुई हैं। इसके कारण, नगर निगम इन क्षेत्रों में सफाई की जिम्मेदारी ठीक से नहीं निभा सका। इस कमी के बावजूद, दिगम्बर लाल ने इन कॉलोनियों में निवासियों के अनुरोध पर सफाई व्यवस्था अपने स्तर पर सुनिश्चित की।


उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि सीमित संसाधनों के कारण सफाई कार्यों में कुछ खामियां रही हैं, लेकिन इन समस्याओं के समाधान के लिए भविष्य में और कदम उठाने का आश्वासन दिया। और कहा कि आने वाले समय में दिगम्बर लाल ने बड़े रामपुर और दर्राडीपा तालाबों के जीर्णोद्धार, बड़े रामपुर से जीव फार्म हाउस की नालियों की लेवलिंग और आंगनबाड़ी भवन निर्माण का संकल्प लिया।
कुछ समस्याओं की तस्वीरें









































You must be logged in to post a comment.