छोड़कर सामग्री पर जाएँ

भारत की बेटी विनेश फोगाट को पेरिस ओलंपिक में न्याय की आखिरी उम्मीद, सरकार ने उतारा अपना सबसे काबिल वकील

नई दिल्ली: पेरिस ओलंपिक में कुश्ती के फाइनल में अयोग्य घोषित की गई भारत की मशहूर पहलवान विनेश फोगाट को अब न्याय मिलने की उम्मीद और मजबूत हो गई है। देश के शीर्ष वकील और पूर्व सॉलिसिटर जनरल हरीश साल्वे ने विनेश का केस लड़ने का फैसला किया है, जिससे भारतीय खेल जगत में एक नई उम्मीद जाग उठी है। विनेश फोगाट, जिन्हें फाइनल मुकाबले में केवल 100 ग्राम वजन अधिक होने के कारण अयोग्य घोषित कर दिया गया था, अब सिल्वर मेडल पाने की आस लगाए हुए हैं। हालांकि, यह लड़ाई अब पेरिस की रिंग में नहीं, बल्कि खेल जगत की सबसे बड़ी अदालत, खेल पंचाट न्यायालय (CAS) में लड़ी जा रही है। हरीश साल्वे, जो अपने कानूनी कौशल के लिए विख्यात हैं, ने विनेश के पक्ष में इस अदालत में पेश होने पर सहमति जताई है।

हरीश साल्वे ने बढ़ाई उम्मीदें

हरीश साल्वे, जिन्होंने पाकिस्तान के खिलाफ मात्र 1 रुपये में अंतरराष्ट्रीय न्यायालय में भारत का पक्ष मजबूती से रखा था, अब CAS में विनेश के लिए मोर्चा संभालेंगे। भारतीय ओलंपिक संघ (IOA) ने CAS के समक्ष विनेश फोगाट की अपील के लिए वकील का इंतजाम करने के लिए अतिरिक्त समय का अनुरोध किया था, जो मान लिया गया। विनेश फोगाट ने दो मामलों में अपनी अयोग्यता के खिलाफ अपील की थी। पहला था कि उन्हें फिर से वजन करने का मौका दिया जाए, जिसे कोर्ट ने खारिज कर दिया। दूसरा यह था कि उन्हें सिल्वर मेडल दिया जाए। CAS ने कहा है कि वह इस मामले पर विचार कर सकता है। अब सभी की नजरें हरीश साल्वे पर टिकी हैं, जो विनेश का पक्ष मजबूती से रखेंगे।

आज हो रही सुनवाई

खेल पंचाट न्यायालय में यह सुनवाई आज दोपहर 1:30 बजे के करीब शुरू हो गई होगी। भारतीय दल की मांग पर CAS ने सुनवाई को गुरुवार से टाल कर 9 अगस्त को करने का निर्णय लिया था, ताकि भारतीय वकील को शामिल किया जा सके। CAS ने पहले चार वकीलों की पेशकश की थी, लेकिन भारतीय दल ने अपने वकील के लिए समय मांगा था। देशभर में खेल प्रेमियों को उम्मीद है कि हरीश साल्वे अपनी काबिलियत से विनेश को उनकी मेहनत का हक दिलाने में सफल होंगे। जल्द ही इस मामले का परिणाम सामने आएगा, जिससे पूरे देश में खुशी की लहर दौड़ने की उम्मीद है।

क्या है पूरा मामला?

विनेश ने 50 किलोग्राम वेट कैटेगरी में मंगलवार को तीन मैच खेले थे। उन्होंने प्री-क्वार्टर फाइनल में टोक्यो ओलिंपिक की चैंपियन यूई सुसाकी को 3-2 से हराया था. आगे क्वार्टर फाइनल में यूक्रेन की ओक्साना को 7-5 से पटका और सेमीफाइनल में क्यूबा की रेसलर युसनेइलिस गुजमैन को 5-0 से मात दी। विनेश ओलंपिक मुकाबले में क्वालिफाई करने वाली पहली भारतीय महिला पहलवान थीं। लेकिन अचानक से घटनाक्रम बदले और गोल्ड जीतने का सपना देख रहीं विनेश को डिस्क्वालिफाई कर दिया गया। महज 100 ग्राम एक्स्ट्रा वजन के चलते विनेश का सपना तोड़ दिया गया था। गोल्ड मैडल वाले मुकाबले में विनेश का वजन तय कैटेगरी 50 किलोग्राम से सिर्फ 100 ग्राम ज्यादा मिला था। ऐसे में साल्वे की भागीदारी के साथ, भारतीय ओलंपिक संघ को सकारात्मक नतीजा मिलने की उम्मीद बढ़ गई है।

कौन है हरीश साल्वे

हरीश साल्वे का नाम देश के सबसे काबिल और मशहूर वकीलों में शुमार है। उनकी दलीलों की धार इतनी तेज है कि वह किसी भी केस का रुख पलटने की ताकत रखती हैं। जिस तरह से चीते की चाल, बाज की नजर, और बाजीराव की तलवार पर संदेह नहीं किया जाता, उसी तरह साल्वे की दलीलें भी हमेशा सटीक साबित होती हैं। उनकी काबिलियत के आगे बड़े-बड़े वकील लड़खड़ा जाते हैं। साल्वे ने अपनी काबिलियत का लोहा तब मनवाया जब उन्होंने पाकिस्तान की जेल में बंद कुलभूषण जाधव के केस को अंतरराष्ट्रीय न्यायालय में महज 1 रुपये की फीस लेकर लड़कर पाकिस्तान को मात दी। इस मामले ने उन्हें न केवल भारत में बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी सम्मान दिलाया। हरीश साल्वे का जन्म 22 जून 1955 को हुआ था। उनके परिवार की पृष्ठभूमि भी कानून से जुड़ी रही है। उनके दादा पी.के. साल्वे मशहूर क्रिमिनल लॉयर थे, और उनके परदादा मुंसिफ थे। यानी कानून उनके खून में था, और उन्होंने इस विरासत को आगे बढ़ाते हुए बड़ी उपलब्धियां हासिल कीं। उनकी मां अंब्रिती डॉक्टर थीं, जबकि उनके पिता एन.के.पी. साल्वे चार्टर्ड अकाउंटेंट (CA) थे।साल्वे ने अपने करियर में कई महत्वपूर्ण केस लड़े हैं। उन्होंने कई भारतीय बैंकों और डिफॉल्टर्स के लिए केस लड़े, और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए भी कोर्ट में पक्ष रखा। इतना ही नहीं, उन्होंने सलमान खान को हिट एंड रन केस में जमानत दिलाकर उनकी मुश्किल घड़ी में भी मदद की।हरीश साल्वे की कानूनी योग्यता और उनकी दलीलों की ताकत के चलते ही वह भारत के सबसे बड़े और सम्मानित वकीलों में गिने जाते हैं। उनकी हर दलील में वह धार होती है जो किसी भी केस का परिणाम बदलने में सक्षम होती है।

इस खबर को शेयर करें:

e9073382a8eba25524e580ff55b8f56ea0340bb7ac24cfbd0a28106f19b38d44?s=90&d=mm&r=g

विकास पाण्डेय

एडिटर - वेब एवं डिजिटल

विकास पाण्डेय अक्टूबर 2021 से 'केलो प्रवाह' के साथ जुड़े हैं और डिजिटल विंग के संचालन एवं संपादन की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। रायगढ़ और छत्तीसगढ़ के प्रमुख घटनाक्रम, जनहित के मुद्दों और स्थानीय सरोकारों पर रिपोर्टिंग करते हैं। उन्होंने RIG24 मीडिया नेटवर्क से पत्रकारिता की शुरुआत की और इसी दौरान BJMC की डिग्री हासिल की।

Share: