रायगढ़। शहर के कई वार्ड डेंगू के हॉट स्पॉट बन चुके हैं। महापौर, सभापति के साथ ही निगम के जनप्रतिनिधियों के वार्डों में भी डेंगू के मामले सामने आ रहे हैं। निगम के एक सफाई दरोगा समेत करीब 5 कर्मचारी भी डेंगू की चपेट में आ चुके हैं। जनवरी 2024 से अब तक डेंगू के करीब 246 मरीज मिल चुके हैं, जिसमें करीब 50 एक्टिव केस है। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी ने बताया कि, डेंगू के हर दिन 18- 19 मामले सामने आ रहे हैं। एक अगस्त को भी 19 मरीजों की पहचान हुई है। सिर्फ जुलाई महीने में 187 डेंगू मरीजों की पहचान हुई है।
बताया जा रहा है कि, कई ऐसे लोग हैं, जो गर्मी के दिनों में मवेशियों के लिए घरों के बाहर कोटना और छतों में पक्षियों के लिए भी बर्तन रखे थे। उसे खाली नहीं कर रहे, जिसमें भी निगम की जांच में लार्वा अधिक मिल रहा है। स्वास्थ्य विभाग ने जिन मोहल्लों को डेंगू के लिए हॉटस्पॉट वार्ड बताया है। उसमें जून बड़पारा, भपदेव गंज, रामगुड़ीपारा, दीनदयाल पुरम कॉलोनी, गांजा चौक, बेलादुला, बुढ़ीमाई मंदिर, छोटे अतरमुड़ा के साथ ही लाल टंकी से गौरी शंकर मंदिर और ढिमरापुर गौशाला पारा संवेदनशील है।
कुछ मोहल्लों से अधिक आ रहे केस
नगर निगम आयुक्त सुनील कुमार चंद्रवंशी ने बताया कि, कुछ मोहल्लों से अधिक केस आ रहे हैं। इसमें वार्ड नंबर 18, 19, 14, 13, 12 शामिल है। लोगों को जागरूक किया जा रहा है कि अपने घरों और आसपास सफाई रखे।
▶ स्वास्थ्य विभाग के पास पर्याप्त दवा
जिला मलेरिया अधिकारी टीजी कुलवेदी ने बताया कि, स्वास्थ्य विभाग के पास डेंगू को लेकर पर्याप्त दवा उपलब्ध है। जिसमें नगर निगम को एक हजार लीटर टेमीफास्ट लिड दिया गया है। इसके साथ ही स्वास्थ्य विभाग मितानिन और आगंनबाड़ी कार्यकर्ताओं के साथ जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।
▶ अधिकारी गंभीरता से नहीं ले रहे
जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष अनिल शुक्ला का कहना है कि, प्रशासन की उदासीनता के कारण डेंगू अधिक फैल रहा है। अधिकारी इसे गंभीरता से नहीं ले रहे। महापौर ने स्वास्थ्य मंत्री को भी पत्र लिखा है। निगम के अधिकारी उसे उपेक्षित कर रहे हैं उनके निर्देशों का पालन नहीं हो रहा।

▶ महापौर और निगम की निष्क्रियता
जिला भाजपा उपाध्यक्ष कौशलेश मिश्रा का कहना है कि, महापौर और नगर निगम की निष्क्रियता के कारण उचित साफ सफाई की व्यवस्था नहीं हुआ है। महापौर और एमआईसी के प्रभारी का नगर के साफ- सफाई और बीमारी से बचाव का कोई इरादा स्पष्ट नहीं है। इसलिए डेंगू बढ़ रहा है।

























You must be logged in to post a comment.