खरसिया, 03 मार्च 2026 – राष्ट्रीय सुरक्षा दिवस प्रतिवर्ष 4 मार्च को मनाया जाता है, जिसका उद्देश्य उद्योगों एवं कार्यस्थलों पर दुर्घटनाओं को रोकना तथा कर्मचारियों में सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। इस वर्ष 4 मार्च को होली पर्व होने के कारण खरसिया के ग्राम बिंजकोट-दर्रामुड़ा स्थित सारडा एनर्जी एंड मिनरल्स लिमिटेड (SEML) कंपनी परिसर में 3 मार्च को 55वाँ राष्ट्रीय सुरक्षा दिवस एवं सुरक्षा सप्ताह का आयोजन किया गया। यह सुरक्षा सप्ताह 4 मार्च से 10 मार्च तक चलेगा, जिसमें विभिन्न प्रतियोगिताएं एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
कार्यक्रम की शुरुआत सेफ्टी ऑफिस भवन के समीप सुरक्षा दिवस के बैनर-पोस्टर के साथ पैदल सुरक्षा रैली निकालकर की गई। रैली सेफ्टी ऑफिस भवन परिसर में पहुंची, जहां मुख्य अतिथि प्लांट हेड अरुण पाल द्वारा ध्वजारोहण किया गया। ध्वजारोहण के पश्चात सभी उपस्थित कर्मचारियों ने सामूहिक रूप से राष्ट्रीय सुरक्षा दिवस की शपथ ली, जिसमें कार्यस्थल पर सुरक्षा नियमों का पालन करने, व्यक्तिगत सुरक्षा उपकरणों का उपयोग करने तथा एक-दूसरे की सुरक्षा के प्रति सजग रहने का संकल्प लिया गया। इसके बाद अतिथियों का स्वागत किया गया और कार्यक्रम का औपचारिक शुभारंभ हुआ।
मुख्य अतिथि अरुण पाल ने अपने उद्बोधन में कहा कि राष्ट्रीय सुरक्षा दिवस हमें यह स्मरण कराता है कि सुरक्षा केवल नियम नहीं, बल्कि हमारी जिम्मेदारी है। उन्होंने कर्मचारियों से कार्यस्थल पर हेलमेट, सेफ्टी शू एवं अन्य सुरक्षा उपकरणों का अनिवार्य रूप से उपयोग करने तथा सभी सुरक्षा मानकों का पालन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि सुरक्षित कर्मचारी ही स्वस्थ परिवार और मजबूत संगठन की नींव होते हैं। इस अवसर पर सुरक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 20 कर्मचारियों को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का संचालन अजित बाजपेयी द्वारा किया गया तथा अंत में सुनील प्रधान ने आभार प्रदर्शन करते हुए मुख्य अतिथि, कंपनी प्रबंधन एवं उपस्थित सभी अधिकारियों व कर्मचारियों के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया। बड़ी संख्या में कंपनी के अधिकारी एवं कर्मचारी इस कार्यक्रम में उपस्थित रहे। ध्वजारोहण, शपथ ग्रहण एवं सम्मान समारोह ने कंपनी में सुरक्षा संस्कृति को और मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान दिया।























