रायगढ़ (केलो प्रवाह)। शहर के गौरीशंकर मंदिर रोड में बीती रात एक साथ दो दुकानों के ताले तोड़ कर अज्ञात चोरों ने डेढ़ किलो चांदी सहित एक लाख 59 हजार रूपए नगद पर हाथ साफ कर दिया। मंगलवार की सुबह जब इस बात की जानकारी दुकान संचालक को हुई तब उसने पुलिस को सूचना दी। वहीं चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम देने की बात सामने आने पर नगर पुलिस अधीक्षक सहित सिटी कोतवाली एवं सायबर थाने की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल में जुटी। बताया जा रहा है कि आस पास के सीसीटीवी खंगाले गये है जिसमें आरोपी दिखाई दे रहे है जिसके आधार पर उनकी खोजबीन की जा रही है। जिस प्रकार से वारदात को अंजाम दिया गया है उसे देखते हुए यह किसी पेशेवर गिरोह का काम नजर आ रहा है।
मिली जानकारी के अनुसार पार्क एवेन्यू कालोनी निवासी प्रदीप गर्ग क्रशर व्यवसायी है और गौरी शंकर मंदिर रोड पर उनके श्री राम उद्योग का कार्यालय है। बीती रात तकरीबन 9 बजे प्रदीप गर्ग का पुत्र प्रणव अग्रवाल कार्यालय बंद करके घर गया था। मंगलवार की सुबह उनके स्टाफ योगेश पाण्डे मोबाइल पर काल करके बताया कि कार्यालय के शटर का ताला टूटा हुआ है। इस पर प्रदीप गर्ग व उनके पुत्र प्रणव दोनों पहुंचे तो देखा शटर का ताला टूटा हुआ है और भीतर रखी अलमारी का लॉकर भी टूटा मिला। वहीं लॉकर में रखे एक लाख 59 हजार रूपए नगद तथा तकरीबन डेढ़ किलो के चांदी के सिक्के गायब है।
इसी दौरान उनके कार्यालय के सामने स्थित अशोक टी कंपनी के संचालक ने भी बताया कि उसकी दुकान के शटर का ताला टूटा हुआ है और दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरा के वायर तोड़ते हुए उसकी दुकान में रखे 8 हजार रूपए नगद को कोई चोरी कर ले गया है। इस प्रकार एक ही रात में दो दुकानों के ताले टूटने की सूचना उन्होंने सिटी कोतवाली को दी। चोरी की वारदात होने की जानकारी मिलने पर नगर पुलिस अधीक्षक राहुल कुमार ऊईके व कोतवाली तथा सायबर थाने की टीम ने मौके पर पहुंच कर जांच पड़ताल शुरू की। वहीं प्रणव अग्रवाल की रिपोर्ट पर पुलिस ने अज्ञात चोरों के विरूद्ध बीएनएस की धारा 305, 331 (4) के तहत अपराध पंजीबद्ध करते हुए उनकी पतासाजी प्रारंभ कर दी है।
आसपास लगे सीसीटीवी के डायरेक्शन को बदल दिया
वारदात के तरीके को देखते हुए चोरी करने वाला कोई पेशेवर गिरोह प्रतीत हो रहा है। वहीं पहले रेकी की गई है उसके बाद वारदात को अंजाम देने की संभावना जताई जा रही है। चोरों ने सर्वप्रथम श्री राम उद्योग व अशोक टी कंपनी के आसपास दुकानों में लगे सीसीटीवी कैमरों के डायरेक्शन को बदला गया है ताकि उक्त दुकानों में घुसने के दौरान उन कैमरों में कुछ न दिखे। वहीं शटर तोड़ने के पूर्व अशोक टी कंपनी में लगे सीसीटीवी कैमरे के तार काट दिये गये थे। पुलिस टीम ने आस पास के और कैमरों के फुटेज खंगाले जिसमें अशोक टी कंपनी के बगल में स्थित जगदीश डेयरी के सीसीटीवी कैमरे को घुमते हुए दो लोग नजर आ रहे है। उन्ही हुलिये के आधार पर पुलिस द्वारा आरोपियों की पतासाजी की जा रही है।

























