- पटवारियों की हड़ताल का पड़ रहा असर, टुकड़ों में हुआ अवार्ड तो बढ़ेगी मुश्किल
रायगढ़, (केलो प्रवाह) । रायगढ़ शहर के निवेश क्षेत्र की सीमाएं बढ़ गई हैं। रिंग रोड का निर्माण भी होना है। निवेश क्षेत्र अब रिंग रोड के इर्द-गिर्द ही रहेगा। लेकिन रिंग रोड की चौड़ाई बढऩे के कारण अब पूरे प्रोजेक्ट की डीपीआर बदल जाएगी। राजस्व टीमों को दोबारा सर्वे भी करना पड़ेगा। रायगढ़ के चारों ओर रिंग रोड बनना तय है, लेकिन बार-बार बदलाव की वजह से भू-अर्जन में देरी हो रही है। पहले 35 मीटर चौड़े रोड के लिए धारा प्रकाशन हो चुका है। अब दस मीटर चौड़ाई बढ़ाने का आदेश दिया गया है। रायगढ़ में किसी प्रोजेक्ट के लिए सबसे मुश्किल काम भू-अर्जन का है।
एलाइनमेंट, प्रभावित भूमि की नापजोख, दावा-आपत्ति का निराकरण, अवार्ड आदि प्रक्रिया में बेहद सावधानी रखनी पड़ती है। कहीं भी थोड़ी सी चूक परियोजना को अटका सकती है। वर्ष 24-25 के बजट में रिंग रोड को शामिल किया गया था। अब 25-26 भी गुजर चुका है। वर्ष 26-27 में भूअर्जन प्रक्रिया पूरी होने के बाद टेंडर भी होने की उम्मीद की जा रही है। लेकिन चौड़ाई को लेकर बदलाव की वजह से मुश्किल बढ़ गई है। पहले 20 किमी रिंग रोड की चौड़ाई 35 मीटर रखी गई थी। इसी हिसाब से राजस्व विभाग की टीमों को सर्वे करने का आदेश दिया गया था।
ग्रामवार भूमि का चिह्नांकन कर एलाइनमेंट तय कर दिया गया था। धारा प्रकाशन भी हो चुका है। अब इसकी चौड़ाई को दस मीटर बढ़ाने का आदेश दिया गया है। रिंग रोड की कुल चौड़ाई अब 45 मीटर होगी। अब पटवारियों और राजस्व निरीक्षकों को कहा गया है कि वे अतिरिक्त दस मीटर चौड़ाई बढ़ाने पर प्रभावित भूमि का ब्यौरा दें। इसका भू-अर्जन अलग से होगा। पटवारियों की हड़ताल की वजह से प्रक्रिया में देरी हो रही है।
कुल 75 एकड़ जमीन प्रभावित, अब बढ़ेगी जमीन
रायगढ़ रिंग रोड को बनाने के लिए नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया ने भी रुचि दिखाई है। रिंग रोड होने की वजह से केंद्र से भी फंड मिलने की उम्मीद की जा रही है। वर्तमान में 11 गांवों में 29.94 हे. भूमि प्रभावित हो रही है। अब दस मीटर बढ़ाने पर आंकड़ा 50 हेक्टेयर तक जा सकता है। इस प्रोजेक्ट में 500 करोड़ की लागत आ सकती है। ग्राम प्रभावित भूमि भेलवाटिकरा 3.17 हे. रेगड़ा 4.19 हे. भिखारीमाल 0.10 हे. गोपालपुर 4.38 हे. पंडरीपानी 6.46 हे. जुर्डा 3.71 हे. नवापाली 3.15 हे. मिड़मिड़ा 1.22 हे. डुमरमुड़ा 1.74 हे. टारपाली 1.79 हे. कुल29.94 हे.
























