- बिल्डर ने अधूरी कॉलोनी का दो साल से नहीं दिया बिल, 60 प्रश मकान बनते तक बिल्डर को करना था मेंटेनेंस
रायगढ़, (केलो प्रवाह)। कृष्णा वैली कॉलोनी के बाशिंदों की रात में अंधेरे गुजर रही है। दो साल से स्ट्रीट लाइट और बोरवेल का बिजली बिल भुगतान नहीं करने के कारण विद्युत विभाग ने कनेक्शन काट दिया। कॉलोनीवासियों ने कलेक्टर को ज्ञापन देकर मामले में आवश्यक कार्रवाई करने की गुहार लगाई है। प्राईवेट कॉलोनियों में प्लांट बेचते समय बिल्डर कई वादे करते हैं। ले-आउट में गार्डन, मंदिर, रोड, स्ट्रीट लाइट आदि का उल्लेख होता है लेकिन निर्माण पूरा नहीं किया जाता।
रायगढ़ में ऐसी कई कॉलोनियां हैं जहां विकास कार्य पूरे नहीं किए गए। अधूरी कॉलोनी का हैंडओवर सोसायटी या नगर निगम नहीं लेता। ऐसी स्थिति में कॉलोनी में मकान बनाने वाले दोराहे पर फंस जाते हैं। कृष्णा वैली बोईरदादर का मामला कुछ ऐसा ही है। दो साल से बिजली बिल का भुगतान नहीं करने की वजह से कॉलोनी का बिजली कनेक्शन काट दिया गया है। इस वजह से कॉलोनी की स्ट्रीट लाइट और बोरवेल बंद हो गए हैं। 15 दिनों से कॉलोनी अंधेरे में डूब गई है। पानी टंकी भी नहीं भर पा रहे हैं जिससे जल आपूर्ति ठप है।
नगर निगम ने 2022 में बिल्डर लक्ष्य इंफ्रास्ट्रक्चर को कॉलोनी हस्तांतरण के दौरान पत्र लिखा था। इसमें शर्त थी कि कॉलोनी में 60 प्रश मकानों का निर्माण नहीं होते तक विद्युत बिल कॉलोनाइजर को देना होगा। इसके बाद ही विद्युत हस्तांतरण की कार्यवाही निकाय में की जाएगी। वर्तमान में 45 प्रश मकान भी नहीं बने हैं। दो सालों से बिजली बिल जमा नहीं किया गया है। इस वजह से विद्युत विभाग ने कनेक्शन काट दिया।
सामुदायिक भवन भी नहीं बनाया
कलेक्टर से की गई शिकायत में कहा गया है कि कॉलोनाइजर ने प्लॉट विक्रय करते समय छोटा गार्डन के समीप मल्टी एरिया के नाम पर 1218 वर्ग मीटर भूमि को पर सामुदायिक भवन बनाने का वादा किया था ताकि कॉलोनी के आयोजन हो सकें। अब इस जमीन को घेरकर अहाता बना दिया गया है और बेचने का प्रयास किया जा रहा है। कॉलोनी के छोटा चौक नेपाल गुप्ता के मकान क्रमांक ई-14 के सामने कॉलोनी के स्वीकृत नक्शा व लेआउट से बाहर की भूमि को अवैध रूप से विक्रय किया जा रहा है। कॉलोनीवासियों ने बिल्डर से तत्काल विद्युत बिल जमा करवाकर कार्रवाई करने की मांग की है।
























