छोड़कर सामग्री पर जाएँ

राजेश मरकाम को लेने विधायक विद्यावती पहुंची जिला जेल

Vidyawati

रायगढ़ (केलो प्रवाह)। तमनार में जिंदल के प्रस्तावित कोल ब्लाक की पर्यावरणीय स्वीकृति के लिए होने वाली जनसुनवाई के विरोध में प्रभावित गांव के ग्रामीणों द्वारा लंबे समय तक चक्काजाम किया था। इस दौरान ग्रामीणों और पुलिस के बीच हुई हिंसक झड़प के बाद पुलिस ने 30 से अधिक ग्रामीणों के विरूद्ध जुर्म दर्ज कर उनकी गिरफ्तारी की थी। इस मामले में अब उच्च न्यायालय ने जेल में निरूद्ध सभी ग्रामीणों को राहत देते हुए जमानत स्वीकृत कर दी है। इस कड़ी में शनिवार को राजेश मरकाम रिहा किये गये। वहीं राजेश मरकाम की रिहाई पर उसे लेने लैलूंगा विधायक विद्यावती सिदार स्वयं जेल पहुंची थी।

बताया जा रहा है कि शेष लोगों की बुधवार तक रिहाई हो सकती है। विगत वर्ष दिसंबर माह में तमनार क्षेत्र में जिंदल को आबंटित गारे पेलमा सेक्टर 1 की पर्यावरणीय स्वीकृति के लिए आयोजित जनसुनवाई का विरोध करते हुए प्रभावित 14 गांव के ग्रामीणों ने सीएचपी चौक में चक्काजाम करते हुए धरना प्रदर्शन किया था। इस बीच कोयले की ट्रेलर पार कराने को लेकर ग्रामीण और पुलिस के बीच ऐसा विवाद छिड़ा कि मामले ने हिंसक झड़प का रूप ले लिया था। वहीं उग्र हुई भीड़ ने पुलिस पर पथराव किया तो वहीं आधा दर्जन से अधिक वाहनों को भी फूंक दिया था।

इसके अलावा एक महिला पुलिसकर्मी के साथ बदसलूकी की घटना भी सामने आई थी। इस मामले में तमनार पुलिस ने 30 से अधिक ग्रामीणों के खिलाफ बलवा, आगजनी सहित अन्य धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की थी। माहौल शांत होने के बाद एक के बाद एक ग्रामीणों की गिरफ्तारी पुलिस द्वारा शुरू की गई। बताया जा रहा है कि लगभग दो दर्जन लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। वहीं कुछ लोगों ने अग्रिम जमानत भी ले ली थी। गिरफ्तारी के बाद जेल में निरूद्ध ग्रामीणों द्वारा उच्च न्यायालय में जमानत की अर्जी लगाई थी जिस पर सुनवाई करने के बाद अब हाई कोर्ट ने लगभग सभी को जमानत दे दी है।

इससे ग्रामीणों को काफी रहात मिली है तथा शनिवार को राजेश मरकाम की रिहाई हुई है। राजेश मरकाम की रिहाई पर उसके परिजन व ग्रामीणों के साथ ही लैलूंगा विधायक विद्यावती सिदार भी उसे लेने जिला जेल पहुंची। वहीं जेल के बाहर राजेश मरकाम का स्वागत कर सभी ने खुशी जाहिर की।

क्या कहा विधायक ने

राजेश मरकाम को लेने जिला जेल पहुंची विधायक विद्यावती सिदार ने कहा कि उनके क्षेत्र में गरीब, किसान और आदिवासी समाज जल-जंगल-जमीन बचाने के लिए लड़ाई लड़ रहा है। इसी लड़ाई के कारण समाज के लोगों को जेल भेजा जा रहा है। उन्होंने कहा कि ये लड़ाई सिर्फ एक व्यक्ति की नहीं है, बल्कि पूरे समाज की है। उन्होने भाजपा शासन पर सवाल खड़े करते हुए कहा कि सरकार गरीबों और आदिवासियों की आवाज दबाना चाहती है। जब भी समाज अपने हक के लिए खड़ा होता है, तो उसे पुलिस और प्रशासन के जरिए डराया जाता है। ये बहुत दुख की बात है कि अपने हक के लिए लडऩे वाले लोगों को महीनों तक जेल में रहना पड़ रहा है, लेकिन समाज डरने वाला नहीं है हम सब एकजुट हैं। बताना चाहेंगे की लैलूंगा विधानसभा क्षेत्र मे आदिवासी समाज उद्योग लगाने का विरोध करता रहा है। उन्होंने कहा कि अभी एक भाई बाहर आया है, बुधवार को बाकी लोग भी बाहर आएंगे। उनको लेने भी मैं स्वयं जाऊंगी।

इस खबर को शेयर करें:

8690517c9326392a68531b5faf7668b00e00b86685972a50e34c21832c7c1c6c?s=90&d=mm&r=g

Editorial

News Room

छत्तीसगढ़ के रायगढ़ से 1988 से निरंतर प्रकाशित दैनिक समाचार पत्र 'केलो प्रवाह' का यह Official Digital News Room है। हमारी संपादकीय टीम देश और छत्तीसगढ़ की प्रमुख खबरों, सीएम की गतिविधियों और शासन की जनहितैषी योजनाओं को प्रमुखता से साझा करती है। किसानों के हित में समर्पित हमारी टीम, 'जल, जंगल और जमीन' से जुड़े संवेदनशील मुद्दों और विभिन्न विभागों में पारदर्शिता सुनिश्चित करने वाली रिपोर्टिंग के साथ ही सुदूर अंचलों की ज़मीनी हकीकत को सामने लाती है। जनहित से जुड़ी गतिविधियों, खनिज और औद्योगिक क्षेत्रों की 'Exclusive' खबरों को Evidence के साथ प्रमाणिकता से प्रकाशित करना हमारी प्राथमिकता है। राजनीति, प्रशासन, अपराध, स्पोर्ट्स, रोज़गार, खेती-किसानी और धार्मिक विषयों सहित हर क्षेत्र की खबरों को पूरी शुचिता के साथ प्रस्तुत करना ही हमारा संकल्प है।

Share: