रायगढ़ (केलो प्रवाह)। युवक ने घर के कमरे में फांसी लगा कर अपनी ईहलीला समाप्त कर ली। मृतक ने किन कारणों से यह कदम उठाया है इस बात का फिलहाल खुलासा नहीं हो पाया है। परिजनों की सूचना पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम कराने के बाद उन्हे सौंपते हुए मर्ग कायम कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है। उक्त मामला चक्रधर नगर थाना क्षेत्र का है। इस संबंध में मिली जानकारी के अनुसार चक्रधरनगर थानांतर्गत ग्राम विजयपुर के मरघट्टी पारा निवासी नंदलाल यादव पिता मकरध्वज यादव (उम्र 30 वर्ष) रोजी मजदूरी का काम करता था। मंगलवार की शाम को मजदूरी कर वापस आने के बाद उसने परिजनों के साथ खाना खाया और उसके बाद अपने कमरे में सोने े लिए चला गया था।
बुधवार की सुबह काफी देर तक सोकर नहीं उठा तो उसकी मां कमरे में देखने गयी। कमरे में अपने कलेजे के टुकड़े का शव फांसी के फंदे पर लटका देख उसके होंश उड़ गये। वहीं शोर गुल सुनकर अन्य लोग भी वहां पहुंचे और शव को फंदे से नीचे उतारते हुए पुलिस को सूचना दिये। मामले की सूचना पर पुलिस ने पंचनामा के बाद शव को अस्पताल भिजवाया जहां पोस्टमार्टम उपरांत अंतिम संस्कार के लिए शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। नंदलाल ने किन कारणों से खुदकुशी की है इस बात का खुलासा पुलिस जांच के बाद ही हो पायेगा। फिलहाल, पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच पड़ताल शुरू कर दी है।


















