छोड़कर सामग्री पर जाएँ

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की मंशानुरूप आत्मनिर्भरता की राह पर आगे बढ़ रहीं ग्रामीण महिलाएं

image editor output image 782238347 1795871798207
  • स्व-सहायता समूहों से मिल रहे आजीविका के अवसर, मशरूम उत्पादन से बढ़ा रहीं आमदनी
  • मास्टर ट्रेनर बनकर दूसरी महिलाओं को भी दे रहीं प्रशिक्षण

रायगढ़, 28 नवंबर 2026/ मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की मंशानुरूप महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने के लिए जिला प्रशासन द्वारा निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। स्व-सहायता समूहों के माध्यम से ग्रामीण महिलाओं को आजीविका के नए अवसरों से जोड़कर उन्हें आर्थिक गतिविधियां अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। शासन की योजनाओं, प्रशिक्षण और आर्थिक सहयोग से महिलाएं अपनी पहचान बनाने के साथ परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत कर रही हैं।

ऐसी ही प्रेरक कहानी रायगढ़ जिले के ग्राम धनागर की कमला चौधरी की है, जिन्होंने स्व-सहायता समूह से जुड़कर मशरूम उत्पादन को अपनी आजीविका का साधन बनाया है। आज वे न केवल इससे अतिरिक्त आमदनी अर्जित कर रही हैं, बल्कि मास्टर ट्रेनर के रूप में दूसरी ग्रामीण महिलाओं को भी मशरूम उत्पादन का प्रशिक्षण देकर आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित कर रही हैं।

कमला चौधरी रुक्मणी स्व-सहायता समूह से जुड़ीं और नियमित बैठकों में भाग लेकर बचत की शुरुआत की। समूह के माध्यम से उन्हें आजीविका के विभिन्न साधनों और शासन की योजनाओं की जानकारी मिली। आवश्यकता पड़ने पर समूह से कम ब्याज दर पर ऋण की सुविधा मिली। वहीं, अपनी बचत के आधार पर बैंक से भी ऋण प्राप्त हुआ। इस आर्थिक सहयोग ने उन्हें आजीविका के नए अवसर अपनाने और अपने कार्यों को आगे बढ़ाने का अवसर दिया।

मशरूम उत्पादन से मिली आय की नई राह
कमला ने बैंक से मिले ऋण का उपयोग खेती, पशुपालन और मशरूम उत्पादन जैसे आजीविका के कार्यों में किया। मशरूम उत्पादन का प्रशिक्षण और मार्गदर्शन मिलने के बाद उन्होंने ऑयस्टर तथा पैरा पुटू मशरूम का उत्पादन शुरू किया। लगातार मेहनत और अभ्यास से उन्होंने इस कार्य की तकनीक में दक्षता हासिल की। धीरे-धीरे मशरूम उत्पादन उनके लिए अतिरिक्त आमदनी का महत्वपूर्ण जरिया बन गया। इससे परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत करने में भी मदद मिली।

मास्टर ट्रेनर बनकर दूसरी महिलाओं को भी कर रहीं प्रेरित
मशरूम उत्पादन में अनुभव और दक्षता हासिल करने के बाद कमला चौधरी अब मास्टर ट्रेनर के रूप में भी अपनी पहचान बना चुकी हैं। वे विभिन्न स्थानों पर जाकर ग्रामीण महिलाओं को मशरूम उत्पादन की तकनीक, इसकी प्रक्रिया और इसे आजीविका के रूप में अपनाने के तरीकों का प्रशिक्षण देती हैं। उनके प्रयासों से अन्य महिलाएं भी घर और गांव में उपलब्ध संसाधनों का उपयोग कर आय अर्जित करने के लिए प्रेरित हो रही हैं।

कमला चौधरी बताती हैं कि स्व-सहायता समूह से जुड़ने के बाद उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव आया। समूह की नियमित बचत, ऋण सुविधा और प्रशिक्षण ने उन्हें आर्थिक गतिविधियों से जुड़ने तथा अपनी पहचान बनाने का अवसर दिया। अपनी सफलता के लिए उन्होंने शासन की योजनाओं और स्व-सहायता समूह के सहयोग के प्रति आभार व्यक्त करते हुए प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री का धन्यवाद किया।

इस खबर को शेयर करें:

8690517c9326392a68531b5faf7668b00e00b86685972a50e34c21832c7c1c6c?s=90&d=mm&r=g

Editorial

News Room

छत्तीसगढ़ के रायगढ़ से 1988 से निरंतर प्रकाशित दैनिक समाचार पत्र 'केलो प्रवाह' का यह Official Digital News Room है। हमारी संपादकीय टीम देश और छत्तीसगढ़ की प्रमुख खबरों, सीएम की गतिविधियों और शासन की जनहितैषी योजनाओं को प्रमुखता से साझा करती है। किसानों के हित में समर्पित हमारी टीम, 'जल, जंगल और जमीन' से जुड़े संवेदनशील मुद्दों और विभिन्न विभागों में पारदर्शिता सुनिश्चित करने वाली रिपोर्टिंग के साथ ही सुदूर अंचलों की ज़मीनी हकीकत को सामने लाती है। जनहित से जुड़ी गतिविधियों, खनिज और औद्योगिक क्षेत्रों की 'Exclusive' खबरों को Evidence के साथ प्रमाणिकता से प्रकाशित करना हमारी प्राथमिकता है। राजनीति, प्रशासन, अपराध, स्पोर्ट्स, रोज़गार, खेती-किसानी और धार्मिक विषयों सहित हर क्षेत्र की खबरों को पूरी शुचिता के साथ प्रस्तुत करना ही हमारा संकल्प है।

Share: