छोड़कर सामग्री पर जाएँ

मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना: सारंगढ़-बिलाईगढ़ के 14 श्रद्धालु करेंगे अमृतसर, स्वर्ण मंदिर और वैष्णोमाता मंदिर के दर्शन

IMG 20261029 WA0047
  • 10 से 15 नवंबर तक होगी तीर्थ यात्रा, रायपुर रेलवे स्टेशन से होगी शुरुआत
  • पात्र यात्रियों की सूची 2 नवंबर तक भेजने के निर्देश, अधिक आवेदन मिलने पर लॉटरी से होगा चयन

सारंगढ़-बिलाईगढ़, 29 अक्टूबर 2026। मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के अंतर्गत जिले के 14 श्रद्धालुओं को आगामी तीर्थ यात्रा पर भेजा जाएगा। यात्रा 10 से 15 नवंबर 2026 तक निर्धारित है। इसमें अमृतसर, स्वर्ण मंदिर, वैष्णोमाता मंदिर और वाघा बॉर्डर के दर्शन शामिल हैं। यात्रा रायपुर रेलवे स्टेशन से प्रारंभ होगी। कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने संबंधित जनपद पंचायतों और नगरीय निकायों को पात्र यात्रियों की सूची तैयार कर निर्धारित समय-सीमा में भेजने के निर्देश दिए हैं।

उपसंचालक समाज कल्याण विभाग विनय तिवारी ने बताया कि जिले के लिए कुल 15 का लक्ष्य निर्धारित है, जिसमें 14 यात्री और एक अनुरक्षक शामिल हैं। जनपद पंचायत बरमकेला से चार, सारंगढ़ से चार और बिलाईगढ़ से तीन यात्रियों का लक्ष्य है। नगरीय निकायों—नगर पालिका सारंगढ़ तथा नगर पंचायत सरिया, बरमकेला, बिलाईगढ़, भटगांव, सरसींवा और पवनी—के लिए कुल तीन यात्रियों का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। यात्रा नोडल के रूप में जिला कार्यालय से एक अनुरक्षक साथ रहेगा।

निर्देशानुसार जनपद पंचायतों और नगरीय निकायों को वरिष्ठ नागरिकों, विधवा एवं परित्यक्ता महिलाओं सहित पात्र आवेदकों की पहचान कर उनका सत्यापन करना है। सूची निर्धारित प्रारूप में हार्ड कॉपी और सॉफ्ट कॉपी के रूप में 2 नवंबर 2026 तक कार्यालय सहायक संचालक, समाज कल्याण विभाग, जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ को उपलब्ध करानी होगी, ताकि जिला स्तरीय समिति से अनुमोदन की कार्रवाई की जा सके। निर्धारित लक्ष्य से अधिक आवेदन प्राप्त होने पर यात्रियों का चयन लॉटरी के माध्यम से किया जाएगा।

योजना के अंतर्गत 75 प्रतिशत हितग्राही ग्रामीण क्षेत्र और 25 प्रतिशत शहरी क्षेत्र से होंगे। इनमें 80 प्रतिशत हितग्राही बीपीएल, अंत्योदय एवं मुख्यमंत्री खाद्यान्न योजना के कार्डधारी होंगे, जबकि 20 प्रतिशत गरीबी रेखा से ऊपर के शहरी नागरिकों को शामिल किया जाएगा। यात्रा में कुछ दूरी पैदल चलना पड़ सकता है और तीर्थस्थलों पर ठंड की संभावना रहेगी। इसलिए चयन के समय आवेदकों की पैदल चलने की क्षमता तथा स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखा जाएगा। यात्रियों के लिए चिकित्सक से स्वास्थ्य प्रमाणित कराना अनिवार्य होगा।

इस खबर को शेयर करें:

8690517c9326392a68531b5faf7668b00e00b86685972a50e34c21832c7c1c6c?s=90&d=mm&r=g

Editorial

News Room

छत्तीसगढ़ के रायगढ़ से 1988 से निरंतर प्रकाशित दैनिक समाचार पत्र 'केलो प्रवाह' का यह Official Digital News Room है। हमारी संपादकीय टीम देश और छत्तीसगढ़ की प्रमुख खबरों, सीएम की गतिविधियों और शासन की जनहितैषी योजनाओं को प्रमुखता से साझा करती है। किसानों के हित में समर्पित हमारी टीम, 'जल, जंगल और जमीन' से जुड़े संवेदनशील मुद्दों और विभिन्न विभागों में पारदर्शिता सुनिश्चित करने वाली रिपोर्टिंग के साथ ही सुदूर अंचलों की ज़मीनी हकीकत को सामने लाती है। जनहित से जुड़ी गतिविधियों, खनिज और औद्योगिक क्षेत्रों की 'Exclusive' खबरों को Evidence के साथ प्रमाणिकता से प्रकाशित करना हमारी प्राथमिकता है। राजनीति, प्रशासन, अपराध, स्पोर्ट्स, रोज़गार, खेती-किसानी और धार्मिक विषयों सहित हर क्षेत्र की खबरों को पूरी शुचिता के साथ प्रस्तुत करना ही हमारा संकल्प है।

Share: