- उपाध्यक्ष पद पर संजय कुमार शर्मा और कनिष्ठ महिला उपाध्यक्ष पद पर विमला महंत निर्वाचित
- जय कुमार मालाकार ने संजय कुमार दास को 87 मतों से दी शिकस्त
रायगढ़ (केलो प्रवाह)। बुधवार को हुए जिला अधिवक्ता संघ के प्रतिष्ठापूर्ण चुनाव में अध्यक्ष पद पर महेन्द्र सिंह यादव के सिर विजय का सेहरा सजा, तो वहीं सचिव पद पर जय कुमार मालाकार ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी संजय कुमार दास को 87 मतों के अंतर से शिकस्त दी। वहीं उपाध्यक्ष पद पर संजय कुमार शर्मा तथा उपाध्यक्ष कनिष्ठ महिला पद के लिए विमला महंत निर्वाचित हुईं। मतगणना को लेकर सुबह से ही जिला न्यायालय में गहमागहमी का माहौल था। शाम को लगभग 6 बजे वोटों की गिनती पूरी होने के बाद जैसे ही परिणामों की घोषणा की गई, कोर्ट में उत्साह का माहौल बन गया और सभी अपने विजयी प्रत्याशियों को बधाई देने पहुंचने लगे। एक-दूसरे को गुलाल लगाकर और मिठाइयां खिलाकर खुशी जाहिर की गई।
निर्वाचित पदाधिकारी जैसे ही बाहर आए, ढोल-नगाड़ों के साथ फूल-माला पहनाकर उनका स्वागत किया गया। जिला अधिवक्ता संघ की नई कार्यकारिणी के लिए बुधवार को जिला न्यायालय के ग्रंथालय में मतदान संपन्न हुआ था, जिसमें कुल 671 अधिवक्ताओं में से 605 अधिवक्ताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया था। मतदान के बाद गुरुवार को मतगणना कराई गई। सुबह 11 बजे से निर्वाचन अधिकारियों ने मतगणना का कार्य प्रारंभ किया तथा कुल 6 राउंड में वोटों की गिनती पूरी की गई। शाम लगभग 6 बजे मतगणना का कार्य पूर्ण होने के बाद निर्वाचित प्रत्याशियों की घोषणा की गई। अध्यक्ष पद के लिए महेन्द्र सिंह यादव ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी मनोज कुमार तिवारी को 54 मतों से शिकस्त दी।
महेन्द्र सिंह यादव को कुल 265 वोट मिले तथा मनोज कुमार तिवारी को 211 मत मिले। वहीं अध्यक्ष पद के एक और प्रत्याशी सतेन्द्र कुमार सिंह को 117 वोटों से ही संतुष्ट होना पड़ा। उपाध्यक्ष पद पर संजय कुमार शर्मा ने 388 मत प्राप्त करते हुए प्रवीर कांति राय को 188 मतों के भारी अंतर से परास्त किया। उपाध्यक्ष कनिष्ठ महिला पद के लिए विमला महंत को 367 मत प्राप्त हुए, तो वहीं ज्योति किरण मार्को को 219 वोट मिले। इस तरह विमला महंत 148 मतों के अंतर से निर्वाचित हुईं। सचिव पद के लिए पांच प्रत्याशी जय कुमार मालाकार, कोमल प्रसाद साहू, मेदिनी प्रसाद मिश्रा, संजय कुमार दास एवं शादरा मुल्लिक मैदान में थे। जय कुमार मालाकार ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी संजय कुमार दास को 87 मतों से परास्त करते हुए सचिव पद पर जीत दर्ज की। सह सचिव पद के लिए भावेश स्वर्णकार ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी प्रेम नारायण मौर्य को 326 वोटों के भारी अंतर से हराते हुए विजयी घोषित हुए। वहीं कोषाध्यक्ष पद के लिए शकुंतला चौहान निर्विरोध निर्वाचित हुईं। ग्रंथालय सचिव पद पर कौशल सिंह राजपूत निर्वाचित घोषित किए गए। कार्यकारिणी सदस्य महिला आरक्षित दो पदों के लिए दीप निराला को 311 वोट और काजल सिंह पैकरा को कुल 365 मत मिले। ऐसे में दोनों कार्यकारिणी सदस्य आरक्षित महिला पदों के लिए निर्वाचित हुईं। सांस्कृतिक व क्रीड़ा सचिव पद के लिए गोपीराम यादव निर्विरोध निर्वाचित हुए। कार्यकारिणी सदस्य महिला अनारक्षित चार पदों के लिए अहिल्या गुप्ता, प्रीति महंत, प्रवीण कुमार साहू व शकुंतला विश्वकर्मा निर्विरोध निर्वाचित हुईं। चुनाव संपन्न कराने में मुख्य निर्वाचन अधिकारी बंशीधर गुरु,
सहायक निर्वाचन अधिकारी शिशिर वर्मा, लोकनाथ नंदे, उप निर्वाचन अधिकारी किशोर थवाईत, मनोज पटनायक, उप निर्वाचन अधिकारी राजेश मेहर और शरद बेरीवाल की महत्वपूर्ण भूमिका रही। मतगणना को लेकर कोर्ट परिसर में सुबह से गहमागहमी का माहौल रहा तथा शाम को परिणामों की घोषणा होते ही जश्न का माहौल बन गया। ढोल-नगाड़ों के साथ आतिशबाजी करते हुए विजयी प्रत्याशियों को फूल-माला पहनाकर उनका स्वागत किया गया। वहीं मिठाइयां बांटकर एक-दूसरे को बधाई दी गई।
क्या कहा महेन्द्र ने
अध्यक्ष बनना कोई उपलब्धि नहीं, बल्कि यह पद मेरे लिए सेवा के रूप में रहेगा। मैंने शुरू से सेवा की है और वर्तमान में भी पद के लिए नहीं, बल्कि सेवा के लिए आया हूं। मुझे सेवा करने का जितना मौका मिलेगा, मैं करूंगा।
– महेन्द्र सिंह यादव, अध्यक्ष बार एसोसिएशन
























