छोड़कर सामग्री पर जाएँ

भीड़भाड़ वाले संजय मार्केट में दिनदहाड़े चेन स्नैचिंग, बाइक पर बैठ रही महिला के गले से झपटी सोने की माला

IMG 00b42a7e 9b78 4361 ab51 bba1aad2877a

रायगढ़ (केलो प्रवाह)। शहर के सबसे व्यस्त संजय मार्केट (संजय कॉम्प्लेक्स) में दिनदहाड़े चेन स्नैचिंग की एक दुस्साहसिक वारदात सामने आई है। यहां बेटे के साथ सब्जी खरीदने आई एक महिला के गले से अज्ञात बदमाश ने सोने की माला पर झपट्टा मार दिया। गनीमत यह रही कि छीनाझपटी के दौरान माला टूट गई और सोने का बड़ा हिस्सा वहीं गिर गया, लेकिन बदमाश कुछ पत्तियां लेकर भीड़ का फायदा उठाते हुए फरार होने में कामयाब रहा। मिली जानकारी के अनुसार, सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के सोनूमुड़ा नयापारा निवासी 52 वर्षीय सुमित्रा यादव सोमवार शाम करीब 6 बजे अपने बेटे आशीष यादव के साथ बाइक से संजय मार्केट गई थीं।

खरीदारी पूरी करने के बाद दोनों घर लौटने की तैयारी कर रहे थे। सुमित्रा जैसे ही बाइक की पिछली सीट पर बैठने लगीं, तभी पीछे से पैदल आए एक अज्ञात युवक ने उनके गले में झपट्टा मारा और सोने का फदक खींचकर तेजी से बाजार के भीतर की ओर भाग निकला। इस अचानक हुए हमले में महिला के गले की माला टूट गई। बताया जा रहा है कि माला में सोने की 14 पत्तियां लगी हुई थीं, जिनमें से 11 पत्तियां टूटकर वहीं नीचे गिर गईं। बदमाश के हाथ केवल तीन पत्तियां ही लगीं जिन्हें लेकर वह रफूचक्कर हो गया। चोरी गई इन तीन ग्राम सोने की पत्तियों की अनुमानित कीमत करीब 30 हजार रुपये बताई जा रही है।

पीड़िता के मुताबिक, वारदात को अंजाम देने वाले युवक की उम्र लगभग 25 से 30 साल के बीच थी और उसने गुलाबी रंग की शर्ट पहन रखी थी। घटना के तुरंत बाद आसपास मौजूद लोगों ने बदमाश की काफी खोजबीन की, लेकिन उसका कहीं कोई सुराग नहीं मिला। बाजार के बीचों-बीच हुई इस वारदात के बाद पीड़िता ने सिटी कोतवाली थाने पहुंचकर अपनी शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने महिला की रिपोर्ट को गंभीरता से लेते हुए अज्ञात आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 304 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर लिया है।

फिलहाल पुलिस बताए गए हुलिये के आधार पर और इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाल कर आरोपी की सघनता से पतासाजी कर रही है।

इस खबर को शेयर करें:

8690517c9326392a68531b5faf7668b00e00b86685972a50e34c21832c7c1c6c?s=90&d=mm&r=g

Editorial

News Room

छत्तीसगढ़ के रायगढ़ से 1988 से निरंतर प्रकाशित दैनिक समाचार पत्र 'केलो प्रवाह' का यह Official Digital News Room है। हमारी संपादकीय टीम देश और छत्तीसगढ़ की प्रमुख खबरों, सीएम की गतिविधियों और शासन की जनहितैषी योजनाओं को प्रमुखता से साझा करती है। किसानों के हित में समर्पित हमारी टीम, 'जल, जंगल और जमीन' से जुड़े संवेदनशील मुद्दों और विभिन्न विभागों में पारदर्शिता सुनिश्चित करने वाली रिपोर्टिंग के साथ ही सुदूर अंचलों की ज़मीनी हकीकत को सामने लाती है। जनहित से जुड़ी गतिविधियों, खनिज और औद्योगिक क्षेत्रों की 'Exclusive' खबरों को Evidence के साथ प्रमाणिकता से प्रकाशित करना हमारी प्राथमिकता है। राजनीति, प्रशासन, अपराध, स्पोर्ट्स, रोज़गार, खेती-किसानी और धार्मिक विषयों सहित हर क्षेत्र की खबरों को पूरी शुचिता के साथ प्रस्तुत करना ही हमारा संकल्प है।

Share: