छोड़कर सामग्री पर जाएँ

पांच पुल पूरे नहीं कर पाए ठेकेदार, बिना सजा दिए मिली मोहलत

IMG 20250324 WA0024

रायगढ़ (केलो प्रवाह)। सरकारी कामों को समय पर पूरा नहीं करने वाली एजेंसियों पर सख्ती की बात केवल जुबानी है। हकीकत यह है कि दो साल में पूरे होने वाले काम छह-सात साल से प्रगतिरत हैं। ठेकेदार पर कार्रवाई तो दूर, उसे मोहलत पर मोहलत दी जा रही है, लेकिन काम पूरा होगा, इस पर संदेह बरकरार है। पीडब्ल्यूडी सेतु विभाग ने पांच पुलों का काम एक ही ठेकेदार को दिया था। इनमें से तीन का एग्रीमेंट निरस्त कर दिया था लेकिन अब फिर से समयावृद्धि की गई। इस बार भी काम पूरा होगा, इसमें संशय है।गांवों को मुख्य सड़कों से जोड़ने के लिए सरकार खुलकर फंड आवंटित करती है।

नदी-नालों पर पुलों का निर्माण होने से एक-दो नहीं दर्जनों गांवों को राहत मिलती है। शासन की मंशा है कि काम समय पर पूरे हों ताकि लोगों को सहूलियत मिले। इस मंशा पर ठेका फर्म ही पानी फेर रही हैं। कई ग्रामीण क्षेत्र ऐसे हैं जो पुल-पुलियों की वजह से पहुंचविहीन हैं। पीडब्ल्यूडी सेतु विभाग में ठेकेदार बिशंभर दयाल अग्रवाल को पांच पुलों का ठेका मिला था। सभी ठेके 15-20 प्रश बिलो रेट में लिए गए थे। खरसिया के तेंदुमुड़ी से बेहरामुड़ा धरमजयगढ़ के बीच कुरकुट नदी में पुल बनाने का ठेका 22.63 प्रश बिलो 6.99 करोड़ में लिया था। 6 नवंबर 2020 में वर्कऑर्डर के बाद इसका काम 5 फरवरी 2022 तक पूरा हो जाना था। ठेकेदार ने 85 प्रश काम पूरा होने के बाद आगे काम नहीं किया। इसके बाद एग्रीमेंट निरस्त कर 6 प्रश राशि रोककर क्षतिपूर्ति वसूलने की कार्रवाई शुरू की गई। अचानक विभाग ने कार्रवाई रोककर एग्रीमेंट पुनर्जीवित किया। अब काम पूरा करने की मियाद 31 मार्च 2027 की गई है। खरसिया में तुरेकेला से तिउर के बीच सपनई नाले में 4.49 करोड़ की लागत से पुल बनाया जाना था जिसका कार्यादेश 23 फरवरी 2021 को दिया गया था। यह काम 7 जनवरी 2023 तक पूरा हो जाना था। अब दो बार समयावृद्धि के बाद काम 31 दिसंबर 2026 तक पूरा करने की मोहलत दी गई है। एग्रीमेंट निरस्त करने के बाद शेष कार्य के लिए टेंडर भी लगाया गया। इसमें भी ठेकेदार पर कार्रवाई नहीं की गई। तीसरा पुल नरकालो बायसी मार्ग पर मांड नदी में 10.57 करोड़ की लागत से बनना था, जिसकी डेडलाइन 13 अप्रैल 2023 थी।

यह काम भी 42 प्रश ही पूरा हो सका। इसका एग्रीमेंट भी निरस्त कर दिया था और ठेकेदार पर कार्रवाई होनी थी। अब इस काम के लिए 30 जून 2026 तक समय बढ़ा दिया गया है। धरमजयगढ़ में रायमेर से ससकोबा मांड नदी पर 6.27 करोड़ में पुल बनाने का ठेका बिशंभर दयाल ने लिया था। वर्क ऑर्डर 22 दिसंबर 2020 का है, 27 जुलाई 2022 को काम पूरा किया जाना था। एग्रीमेंट निरस्त करने के बाद पुनर्जीवित किया गया और अब 31 मार्च 2027 तक समय दिया गया है।

बरमकेला वाले भी तरस रहे पुल के लिए

सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में बरमकेला के बड़े नवापारा से किंकारी नाला पर पुल निर्माण 9.63 करोड़ की लागत से किया जाना था। 23 फरवरी 2021 को कार्यादेश दिया गया था, जिसमें कार्य पूर्णता 23 जनवरी 2023 तक होना था। इस काम की अवधि भी 31 दिसंबर 2026 तक बढ़ाई गई है। पांच में से तीन कामों का एग्रीमेंट निरस्त कर दिया गया था और ठेकेदार की 6 प्रश राशि रोकते हुए क्षतिपूर्ति वसूली के साथ ब्लैक लिस्ट की कार्रवाई की जानी थी। इन पुलों के नहीं बनने की वजह से बहुत से गांव तकलीफ में जीवन गुजार रहे हैं। सरकार ने समय पर काम कराने के बजाय ठेकेदार को बचाने में फोकस किया।

इस खबर को शेयर करें:

8690517c9326392a68531b5faf7668b00e00b86685972a50e34c21832c7c1c6c?s=90&d=mm&r=g

Editorial

News Room

छत्तीसगढ़ के रायगढ़ से 1988 से निरंतर प्रकाशित दैनिक समाचार पत्र 'केलो प्रवाह' का यह Official Digital News Room है। हमारी संपादकीय टीम देश और छत्तीसगढ़ की प्रमुख खबरों, सीएम की गतिविधियों और शासन की जनहितैषी योजनाओं को प्रमुखता से साझा करती है। किसानों के हित में समर्पित हमारी टीम, 'जल, जंगल और जमीन' से जुड़े संवेदनशील मुद्दों और विभिन्न विभागों में पारदर्शिता सुनिश्चित करने वाली रिपोर्टिंग के साथ ही सुदूर अंचलों की ज़मीनी हकीकत को सामने लाती है। जनहित से जुड़ी गतिविधियों, खनिज और औद्योगिक क्षेत्रों की 'Exclusive' खबरों को Evidence के साथ प्रमाणिकता से प्रकाशित करना हमारी प्राथमिकता है। राजनीति, प्रशासन, अपराध, स्पोर्ट्स, रोज़गार, खेती-किसानी और धार्मिक विषयों सहित हर क्षेत्र की खबरों को पूरी शुचिता के साथ प्रस्तुत करना ही हमारा संकल्प है।

Share: