रायगढ़ (केलो प्रवाह)। बहुत जल्द पटवारी हड़ताल खत्म हो सकती है। सूत्रों के मुताबिक सरकार से कई दौर की बातचीत हो चुकी है। अब समझौता इसी शर्त पर अटका है कि पटवारियों पर की गई सभी कार्रवाई शून्य की जाए। 13 अक्टूबर से पटवारियों ने कई मांगों को लेकर हड़ताल शुरू की थी। एग्रीस्टेक, डीसीएस, पीवी एप, वेतन विसंगति, पदाधिकारियों पर कार्रवाई आदि को लेकर प्रारंभ किया गया आंदोलन एक महीने से भी अधिक दिनों तक चलता रहा। इस अवधि में प्रशासन ने सारे काम राजस्व निरीक्षकों से करवाए हैं।
इस बीच सरकार और पटवारी संघ के बीच कई बार बातचीत हुई जो बेनतीजा रही। राजस्व सचिव के साथ भी बैठक हुई जिसमें पटवारियों पर हुई कार्रवाई को शून्य करने की शर्त पर बात नहीं बन पाई। इसके बाद सरकार ने भी पटवारियों को ज्यादा मनाने की कोशिश नहीं की। इस आंदोलन को खत्म करने के लिए बातचीत से ज्यादा कार्रवाई पर फोकस किया गया। कई पदाधिकारियों को नोटिस दिए गए। प्रांताध्यक्ष को नोटिस देने के बाद सस्पेंड किया जा चुका है। इसके साथ ही प्रदेश में कई पटवारियों के विरुद्ध विभागीय जांच के आदेश भी दिए गए हैं।
अब पता चला है कि जल्द ही पटवारी काम पर लौट सकते हैं। किसान पंजीयन और पीवी एप का काम भी तकरीबन खत्म हो चुका है। पटवारियों की एक ही शर्त पर मंथन हो रहा है। उनकी मांग है कि जो भी कार्रवाई इस अवधि में की गई है, उसे शून्य किया जाए। निलंबन और ब्रेक इन सर्विस को वापस लिया जाए। सभी पटवारियों को बहाल किया जाए। इस पर तकरीबन सहमति भी बन गई है। यह कार्रवाई जिला स्तर पर हुई थी इसलिए बहाली भी वहीं से होगी।
चलती रहेगी विभागीय जांच?
पटवारी संघ की मांग है कि जिनके विरुद्ध विभागीय जांच प्रारंभ हुई है, वह भी बंद कर दी जाए। इसमें पेंच फंस गया है। यह कार्रवाई विधिवत आदेश देकर शुरू हुई है। इसलिए जांच पूरी होने के पहले इसे बंद नहीं किया जा सकता। जांच होने के बाद जरूर पटवारी को राहत दी जा सकती है। आने वाले सप्ताह में पटवारी हड़ताल खत्म होने की संभावना है।

























