रायगढ़ (केलो प्रवाह)। तपकरा में कंवर समाज के सम्मेलन में बेहद रोचक वाकया गुजरा। युवक-युवती कार्यशाला सह सम्मेलन में देश के कई हिस्सों से कंवर समाज के लोग पहुंचे थे। वरिष्ठ भाजपा नेता नंदकुमार साय और सीएम विष्णुदेव साय की पत्नी कौशल्या साय भी शामिल हुए। इस दौरान कौशल्या साय भी युवतियों को आदिवासी लोकगीतों पर थिरकती नजर आईं। कंवर समाज को एकजुट करते हुए आगे बढ़ाने के लिए जशपुर में कई बड़े-बड़े आयोजन किए जाते रहे हैं। इस बार युवक-युवतियों के लिए कार्यशाला सह सम्मेलन का आयोजन पहली बार किया गया।
तपकरा के पमशाला राधाकृष्ण मंदिर प्रांगण में कार्यक्रम हुआ, जिसमें सीएम विष्णुदेव साय की पत्नी और कंवर समाज की राष्ट्रीय अध्यक्ष कौशल्या साय भी शामिल हुईं। उन्होंने ग्राम देवता की पूजा कर समाज के बुजुर्गों का आशीर्वाद लिया। उनके अलावा वरिष्ठ भाजपा नेता नंदकुमार साय भी शामिल हुए। देश के कई हिस्सों से कंवर समाज के लोग सम्मिलित हुए। इस दौरान आदिवासी लोकगीतों पर युवतियों ने आकर्षक नृत्य की प्रस्तुति दी। उनको देखकर कौशल्या साय भी खुद को रोक नहीं पाईं। युवतियों के साथ कदम से कदम मिलाकर वे भी नृत्य में शामिल हो गईं। इधर नंदकुमार साय ने भी करमा गीत गाकर समां बांध दिया। आदिवासी परंपरा और मान्यताओं को अक्षुण्ण बनाए रखने के लिए कंवर समाज नए-नए आयोजन करता रहता है।
इस अवसर पर कौशल्या साय ने कहा कि पहली बार युवक-युवती सम्मेलन रखा गया। काफी समय से इस आयोजन के लिए प्रयास किया जा रहा था। देश के कई राज्यों में कंवर समाज के लोगों को जोड़ा गया है। सबको एकजुट कर आगे बढ़ाने के लिए प्रयास हो रहे हैं। अपनी संस्कृति और धरोहर को सहेजते हुए आगे बढऩे की कोशिश की जा रही है। राजनीति, धर्म और सामाजिक समावेश से प्रयास किए जा रहे हैं।
नंदकुमार साय ने कहा, अखिल भारतीय आदिवासी कंवर समाज का यह युवक-युवती सम्मेलन का आयोजन है। आने वाला समय युवक-युवतियों का है। इसलिए समाज का मानना है कि उनको भविष्य के लिए तैयार रखा जाए। देश में एकता का भाव युवाओं में जागे, इसके लिए कार्यक्रम आयोजित किया गया।

























