छोड़कर सामग्री पर जाएँ

छोटे देवगांव में गांजा तस्कर की ‘सप्लाई’ से पहले ही खरसिया पुलिस की रेड, ₹2.50 लाख के 5 किलो गांजे के साथ गिरफ्तार

IMG 20261028 WA0031

खरसिया। जिले में नशे के अवैध कारोबार पर शिकंजा कसने के लिए चलाए जा रहे “ऑपरेशन आघात” के तहत खरसिया पुलिस ने ग्राम छोटे देवगांव में रेड कार्रवाई कर 5.025 किलोग्राम गांजा जब्त किया है। गांजा बिक्री के लिए ग्राहक तलाश रहे एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। उसके कब्जे से बरामद गांजे की कीमत करीब ₹2.50 लाख आंकी गई है। यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन में की गई। पुलिस के अनुसार 27 अक्टूबर 2026 को खरसिया पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम छोटे देवगांव का निवासी मोहन लाल गुप्ता अवैध रूप से गांजा रखकर बिक्री के लिए ग्राहक तलाश रहा है। सूचना की पुष्टि होते ही पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए गांव में दबिश दी।

घर पर नहीं मिला संदेही, सड़क किनारे से पकड़ा

पुलिस टीम ने सबसे पहले संदेही के घर पर छापेमारी की, लेकिन वह वहां नहीं मिला। इसके बाद टीम ने उसकी तलाश की और उसे सड़क किनारे से पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम मोहन लाल गुप्ता (43 वर्ष), पिता स्वर्गीय संतुराम गुप्ता, निवासी छोटे देवगांव, थाना खरसिया, जिला रायगढ़ बताया। तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे में रखे प्लास्टिक के बोरे से गांजे के पांच पैकेट बरामद हुए। तौल कराने पर हर पैकेट में 1.005 किलोग्राम गांजा मिला, यानी कुल 5.025 किलोग्राम। इसकी अनुमानित कीमत करीब ₹2,50,000 है।

एनडीपीएस एक्ट में कार्रवाई

पुलिस ने मादक पदार्थ जब्त कर आरोपी के विरुद्ध थाना खरसिया में धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया। उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

इनकी रही अहम भूमिका

कार्रवाई एसडीओपी खरसिया सतीश भार्गव के सुपरविजन और थाना प्रभारी खरसिया निरीक्षक सीताराम ध्रुव के नेतृत्व में की गई। टीम में प्रशिक्षु उप निरीक्षक मुकेश कुमार, एएसआई उमाशंकर धृतांत, प्रधान आरक्षक महेन्द्र खरे और रामनाथ बनर्जी, आरक्षक विशोप सिंह तथा आरक्षक हेमलाल सिदार शामिल रहे। पुलिस ने मोहन लाल गुप्ता, पिता स्वर्गीय संतुराम गुप्ता, उम्र 43 वर्ष, निवासी छोटे देवगांव, थाना खरसिया, जिला रायगढ़ गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

एसएसपी का संदेश

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि नशे के अवैध कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ रायगढ़ पुलिस की सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। अवैध मादक पदार्थों की बिक्री और तस्करी करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए आमजन से भी अपील की कि वे नशे के कारोबार से जुड़ी सूचनाएं पुलिस को दें।

इस खबर को शेयर करें:

e9073382a8eba25524e580ff55b8f56ea0340bb7ac24cfbd0a28106f19b38d44?s=90&d=mm&r=g

विकास पाण्डेय

एडिटर - वेब एवं डिजिटल

विकास पाण्डेय अक्टूबर 2021 से 'केलो प्रवाह' के साथ जुड़े हैं और डिजिटल विंग के संचालन एवं संपादन की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। रायगढ़ और छत्तीसगढ़ के प्रमुख घटनाक्रम, जनहित के मुद्दों और स्थानीय सरोकारों पर रिपोर्टिंग करते हैं। उन्होंने RIG24 मीडिया नेटवर्क से पत्रकारिता की शुरुआत की और इसी दौरान BJMC की डिग्री हासिल की।

Share: