रायगढ़, (केलो प्रवाह)। सेठ किरोड़ीमल ट्रस्ट की संपत्तियों को बचाने में ट्रस्टियों ने कभी रुचि नहीं ली। जिसने फायदे की डील सामने रखी, बस उसी के साथ हो गए। कोकड़ीतराई में 15 एकड़ जमीन की जांच तकरीबन पूरी हो चुकी है। पता चला है कि करीब साढ़े पांच एकड़ भूमि पर कब्जा है। तीन जगहों पर तो खुद उन्हीं का कब्जा है और 20 लोगों से वे खुद ही किराया ले रहे हैं। प्रशासन ने जनहित के लिए जांच शुरू की है। सेठ किरोड़ीमल धर्मादा ट्रस्ट की संपत्तियों को रायगढ़ के हित में बचाना जरूरी है। सार्वजनिक हितों के लिए उपयोग करने के बजाय संपत्तियां अब निजी फायदे के लिए इस्तेमाल की जा रही हैं।
रायगढ़ के अलावा देश के कई शहरों में करोड़ों की संपत्तियां सेठ किरोड़ीमल ट्रस्ट के पास हैं। यह ट्रस्ट जनहित के लिए बनाया गया था, लेकिन पदाधिकारियों इसे प्राइवेट प्रॉपर्टी की तरह इस्तेमाल किया है। कोकड़ीतराई में ट्रस्ट को जिस उपयोग के लिए 15 एकड़ जमीन मिली थी, वह हुआ ही नहीं। चैरिटेबल अस्पताल और स्कूल बनते तो स्थानीय लोगों के काम आते। राजस्व अभिलेखों में भूमि ट्रस्ट के नाम पर ही है, लेकिन 70 प्रश भाग पर कब्जा हो चुका है। खसरा नंबर 48, 49, 50, 61/1, 61/2, 64/1, 64/2, 59, 60, 62/1, 62/2, 65, 166, 168/2, 170 कुल 15 खसरे रकबा 6.008 हे. किरोड़ीमल धर्मादा ट्रस्ट के नाम पर है। राजस्व विभाग की टीम ने दस्तावेज मांगे तो पता चला कि इस जमीन को लीज पर लिया गया है। वर्तमान में कुछ कब्जेदारों को छोडक़र सभी पुराने लोगों से मरम्मत के तौर पर गोपाल ट्रेडिंग कंपनी की रसीद देकर किराया वसूला जा रहा है।
इसकी विस्तृत जांच की जा चुकी है। जानकारी मिली है कि 2.027 हे. जमीन पर मकान व दुकान बनाकर कब्जा किया जा चुका है। धर्मादा ट्रस्ट की 33 प्रश भूमि पर निजी कब्जा है जो ट्रस्टियों की उदासीनता को दर्शाता है। उन्होंने इसे रोकने, हटाने या विधिवत व्यवस्थित करने के लिए कुछ भी नहीं किया। प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से किराया ही वसूला जाता रहा। इसमें शर्मा परिवार, पटेल परिवार और ट्रेडिंग कंपनी का नाम सामने आ रहा है, जो कब्जेदारों से किराया वसूल रहे हैं। कब्जेदारों में 58 लोगों के नाम हैं। और तो और गोपाल ट्रेडिंग कंपनी ने तीन जगहों पर सवा एकड़ जमीन पर कब्जा जमा रखा है। 20 लोगों के पास ट्रेडिंग कंपनी की रसीद मिली है, जो करीब एक एकड़ में काबिज हैं।
एक एकड़ में काबिज लोगों के पास दस्तावेज ही नहीं
कोकड़ीतराई में ट्रस्ट की जमीन पर किराया वसूलकर कुछ लोग अपनी संपत्ति बढ़ाते रहे। उनकी वजह से जमीन पर अतिक्रमण बढ़ता रहा। ट्रस्टियों ने इस पर कोई आपत्ति नहीं की। जांच में पता चला कि 7 लोगों के पास किरायानामा और रसीद है। जबकि 20 लोग ऐसे हैं जिनके पास कोई दस्तावेज नहीं हैं।
अतिक्रमण हटाने के लिए ट्रस्ट ने प्रयास नहीं किए
सवाल यह है कि ट्रस्ट की जमीन पर अतिक्रमण होता रहा लेकिन इसे रोकने के कोई प्रयास नहीं किए गए। खनं 170 में 12 और खनं 48 में 11 लोगों का कब्जा मिला है। खनं 62/1 और 168/2 पर जिंदल आदर्श ग्राम्य भारती स्कूल स्थापित है। इसी तरह खनं 170 में संत विनोबा स्कूल संचालित है।


















