रायगढ़ (केलो प्रवाह)। मंगलवार की देर शाम चक्रधरनगर क्षेत्र में कमला नेहरू पार्क के पास फुटपाथ पर संचालित कपड़ा दुकान में उस समय हड़कंप मच गया, जब कपड़ा खरीदने पहुंचे एक युवक ने पैक कराए गए कपड़े को बिना पैसे दिए लेकर भागने का प्रयास किया। दुकानदार ने उसे पकड़ने की कोशिश की तो युवक ने कमर में छिपाकर रखा चाकू निकाल लिया और धमकाने का प्रयास किया। दुकानदार द्वारा डायल 112 पर पुलिस को सूचना देने के दौरान युवक मौका पाकर वहां से फरार हो गया। मामले में व्यवसायी ने चक्रधरनगर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है, जिसके बाद पुलिस ने अज्ञात आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
कपड़े पसंद कराकर पैक कराया, फिर भागने लगा
मिली जानकारी के अनुसार मंगलवार की शाम कमला नेहरू पार्क के पास फुटपाथ पर लगी कपड़ा दुकान में एक युवक पहुंचा। उसने कुछ कपड़े पसंद किए और दुकानदार से उन्हें पैक करने के लिए कहा। दुकानदार ने कपड़े पैक कर एक तरफ रख दिए। इसके बाद युवक अन्य कपड़े देखने लगा। इसी दौरान दुकानदार का ध्यान दूसरे कपड़े दिखाने में व्यस्त हो गया। आरोप है कि युवक ने इसी मौके का फायदा उठाया और पहले से पैक कर रखे कपड़ों को उठाकर वहां से भागने लगा। युवक को कपड़े लेकर जाते देख दुकानदार ने उसका पीछा किया और उसे पकड़ने का प्रयास किया।
पकड़ने की कोशिश की तो निकाला चाकू
दुकानदार के पकड़ने का प्रयास करते ही युवक ने अपनी कमर में छिपाकर रखा चाकू निकाल लिया और उसे धमकाने की कोशिश की। अचानक चाकू सामने आने से दुकानदार एक बारगी असहज हो गया, लेकिन उसने खुद को संभालते हुए पुलिस को सूचना देने का निर्णय लिया। दुकानदार ने तत्काल डायल 112 पर फोन कर घटना की जानकारी दी। इसी दौरान युवक ने मौका देखा और वहां से फरार हो गया। पुलिस के पहुंचने से पहले ही वह मौके से निकल चुका था।
पुलिस ने शुरू की आरोपी की तलाश
घटना के बाद व्यवसायी ने चक्रधरनगर थाने पहुंचकर पूरे मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अज्ञात आरोपी की पतासाजी शुरू कर दी है। पुलिस द्वारा आरोपी की पहचान और उसके संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।






















