रायगढ़: छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में रविवार सुबह एक दिल दहला देने वाले सड़क हादसे में तेज रफ्तार ट्रक अनियंत्रित होकर 60-70 फीट गहरे सरिया नाला में जा गिरा। इस भयावह दुर्घटना में ट्रक पानी में समा गया और उसका ड्राइवर केबिन में ही फंसकर दम तोड़ गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और नगर सेना की टीम मौके पर पहुंची, जिसने आनन-फानन में रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया।
घंटेभर चला रेस्क्यू ऑपरेशन
करीब एक घंटे की अथक मशक्कत के बाद, नगर सेना की विशेष टीम ने ट्रक के केबिन को गैस कटर से काटकर ड्राइवर का शव बाहर निकाला। यह हादसा धरमजयगढ़ थाना क्षेत्र में हुआ, जिसने इलाके में सनसनी फैला दी। इस दौरान मौके पर भारी संख्या में लोग जमा हो गए थे।
प्रत्यक्षदर्शियों ने दी पुलिस को सूचना
जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह धरमजयगढ़ से रायगढ़ की ओर जा रहा एक तेज रफ्तार ट्रक अचानक अनियंत्रित हो गया और सरिया नाला के ऊपर से करीब 60-70 फीट की ऊंचाई से सीधे नीचे गिर गया। ट्रक के गिरते ही वह पानी में डूब गया और ड्राइवर को बाहर निकलने का मौका नहीं मिला। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत इस दर्दनाक घटना की जानकारी पुलिस को दी, जिसके बाद मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई।
गोताखोर और हाईड्रा की मदद से चला अभियान
पुलिस दल के पहुंचने के बाद ड्राइवर का पता लगाने में शुरुआती दिक्कतें आईं, जिसके बाद नगर सेना और गोताखोरों को बुलाया गया। गोताखोरों ने गहरे पानी में उतरकर ड्राइवर की तलाश शुरू की, वहीं एक हाईड्रा वाहन की मदद से पानी में डूबे ट्रक को बाहर निकालने की कोशिश की गई। नगर सेना के जवान संग्राम सिदार ने बताया कि सूचना मिलते ही उनकी टीम तत्काल मौके पर पहुंची थी।
ट्रक को हाईड्रा से बाहर निकालने के बाद देखा गया कि ड्राइवर का शव बुरी तरह से केबिन में फंसा हुआ था, जिसे निकालने में करीब एक घंटे का समय लगा। पुलिस ने अज्ञात ड्राइवर के शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की आगे की जांच जारी है।






















