जशपुरनगर। पत्थलगांव थानाक्षेत्र के दर्रापारा मोहल्ले में एक किराये के मकान से युवती का शव फंदे से लटकता मिला है। मृतका के घर का दरवाजा पिछले तीन दिनों से बंद होने के कारण पड़ोसियों को संदेह हुआ, जिसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया। घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, मृतिका की पहचान भिमावती पैकरा (21), पिता श्रवण पैकरा, ग्राम बनेकेला, थाना लैलूंगा निवासी के रूप में हुई है। वह अकेले किराये के इस मकान में रहती थी और पास की एक इलेक्ट्रॉनिक दुकान में कार्यरत थी।
बताया जा रहा है कि पिछले 2-3 दिनों से उसके मकान का दरवाजा नहीं खुला, जिससे आसपास के लोगों को आशंका हुई। जब वहां तेज दुर्गंध आने लगी, तो स्थानीय लोगों ने तुरंत पत्थलगांव पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दरवाजा खोला, तो दृश्य देखकर सभी स्तब्ध रह गए। युवती का शव छत के फंदे से लटक रहा था। शव की स्थिति को देखते हुए अंदाजा लगाया जा रहा है कि मौत लगभग तीन दिन पूर्व हुई है। प्रारंभिक जांच में फांसी लगाने की वजह प्रेम-प्रसंग को
लेकर कोई तनाव होने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस ने इस संबंध में अभी कोई पुष्टि नहीं की है। पत्थलगांव पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और परिजनों को सूचना दे दी गई है। फिलहाल पुलिस टीम घटना के सभी पहलुओं की गहन जाँच में जुटी है, जिसमें सीसीटीवी फुटेज और आसपास के लोगों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। मौत के सही कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही चल सकेगा।























