रायगढ़, 14 फरवरी। यह इत्तफाक ही है कि रायगढ़ का महापौर बनने के लिए जिन तीनों के बीच मुकाबला है, उनके नाम ज से ही शुरू होते हैं। जनता ने 11 फरवरी को रायगढ़ के अगले महापौर का चुनाव किया था, जिसकी घोषणा आज होगी। जानकी काटजू, जेठूराम मनहर या जीवर्धन चौहान में से कौन सिरमौर बनेगा, आज पता चलेगा। रायगढ़ नगर निगम में अब तक चार महापौर हुए हैं। जेठूराम मनहर, महेंद्र चौहथा, मधुबाई किन्नर और जानकी काटजू ने महापौर का कार्यकाल पूरा किया। भाजपा को एक बार, कांग्रेस को दो बार महापौर बनाने में कामयाबी मिली है। जबकि एक बार निर्दलीय भी महापौर बन चुकी है। इस बार लड़ाई दूसरे तरह की है।
इस बार पहले महापौर जेठूराम और पिछले महापौर जानकी ने भी दोबारा उसी कुर्सी को हासिल करने दम लगाया है। भाजपा ने जीवर्धन चौहान के रूप में एक सामान्य से कार्यकर्ता को अवसर दिया है कि वह भी सबके सपनों का रायगढ़ गढ़ सकें। मुकाबला इसलिए भी रोचक हो गया है क्योंकि आम आदमी पार्टी से रुसेन कुमार और आशीर्वाद पैनल से सिरिल धृतलहरे भी मैदान में हैैं। क्षेत्र विशेष में इन दोनों की भी पकड़ है। इनके अलावा दो और प्रत्याशी बानू खूंटे और बनवारीलाल डहरे भी मैदान में हैं। रायगढ़ नगर निगम में 2014 में भी महापौर का प्रत्यक्ष चुनाव हुआ था।
तब रायगढ़ की जनता ने भाजपा-कांग्रेस को खारिज करते हुए निर्दलीय मधुबाई को जिताया था। इस बार भाजपा का चुनाव प्रचार अभियान विस्तृत रहा है। कांग्रेस प्रत्याशी जानकी काटजू का साथ उसके पार्षदों ने छोड़ दिया जिसकी वजह से वह अकेली पड़ गई। उसका पूरा फोकस अमृत काटजू को पार्षद बनाने पर रहा। जेठूराम मनहर को जहां से उम्मीद थी, वहां वे निराश नहीं होंगे। वह अपनी उपस्थिति बरकरार रखने और राजनीति में दखल कायम रखने के लिए लड़ रहे हैं। भाजपा ने जीवर्धन चौहान को मौका दिया और उसके पक्ष में धुआंधार प्रचार भी किया।
पार्षदों को नहीं है कॉन्फिडेंस
इस बार पुराने पार्षदों ने चुनाव तो लड़ा है लेकिन वे अपनी जीत को लेकर मुतमईन नहीं हैं। मतलब उनको लग रहा है जीत जाएंगे लेकिन यह बात आत्मविश्वास के साथ नहीं कह पा रहे हैं।
कहां कितने प्रत्याशी
सातों निकायों में कुल 141 वार्ड हैं। रायगढ़ नगर निगम महापौर के लिए 7, नपा खरसिया अध्यक्ष के लिए 3, नपं अध्यक्ष पुसौर के लिए 2, नपं अध्यक्ष किरोड़ीमल नगर के लिए 3, नपं अध्यक्ष घरघोड़ा के लिए 3, नपं अध्यक्ष लैलूंगा के लिए 2 और नपं अध्यक्ष धरमजयगढ़ के लिए 2 प्रत्याशी हैं। रायगढ़ नगर निगम के 46 वार्डों में 140 पार्षद प्रत्याशी, खरसिया के 18 वार्ड में 39, नपं पुसौर के 15 वार्ड के लिए 36, नगर पंचायत किरोड़ीमल नगर के 15 वार्ड में 30, नगर पंचायत घरघोड़ा में 15 वार्ड में 41, नगर पंचायत धरमजयगढ़ के 15 वार्ड में 38, नगर पंचायत लैलूंगा के 15 वार्ड में 37 प्रत्याशी हैं।























