छोड़कर सामग्री पर जाएँ

ओपी चौधरी की पहल से रेलवे स्टेशन तक नई सड़क की सौगात, ट्रैफिक का दबाव

file 0000000073e48211b89c0c62975fa033
  • अग्रसेन चौक से आरपीएफ पोस्ट होते हुए सीधे रेलवे स्टेशन तक बनेगा नया मार्ग
  • सुभाष चौक, रामनिवास टॉकीज और गांधी पुतला क्षेत्र में कम होगा यातायात का दबाव

रायगढ़। रायगढ़ शहर में रेलवे स्टेशन तक आवागमन को आसान बनाने और प्रमुख मार्गों पर यातायात का दबाव कम करने की दिशा में नई सड़क की सौगात मिलने जा रही है। वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओ.पी. चौधरी की पहल से अग्रसेन चौक से आरपीएफ पोस्ट होते हुए सीधे रेलवे स्टेशन तक नया सड़क मार्ग विकसित किया जा रहा है। इस वैकल्पिक मार्ग के तैयार होने से रेलवे स्टेशन की दूरी करीब 500 मीटर कम होने के साथ व्यस्त समय में यात्रियों के लगभग 10 मिनट तक बचने की उम्मीद है। कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी ने आज प्रस्तावित सड़क निर्माण स्थल का निरीक्षण कर कार्य की प्रगति एवं आवश्यक व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्य निर्धारित मापदंडों के अनुरूप गुणवत्ता के साथ तेजी से पूरा करने के निर्देश दिए।

रेलवे स्टेशन के लिए मिलेगा सीधा और सुविधाजनक वैकल्पिक मार्ग

प्रस्तावित सड़क अग्रसेन चौक से आरपीएफ पोस्ट होते हुए सीधे रेलवे स्टेशन तक पहुंचेगी। वर्तमान में चक्रधर नगर चौक सहित शहर के विभिन्न हिस्सों से रेलवे स्टेशन जाने वाला यातायात अग्रसेन चौक के बाद रामनिवास टॉकीज, सुभाष चौक और स्टेशन चौक की ओर जाता है। व्यस्त समय में इस मार्ग पर वाहनों का दबाव बढ़ने से लोगों को आवागमन में परेशानी होती है। नई सड़क बनने के बाद रेलवे स्टेशन जाने वाले यातायात के बड़े हिस्से को वैकल्पिक मार्ग पर डायवर्ट किया जा सकेगा। इससे सुभाष चौक, रामनिवास टॉकीज और गांधी पुतला क्षेत्र में यातायात का दबाव कम होने के साथ शहर की ट्रैफिक व्यवस्था को भी राहत मिलेगी।

करीब 500 मीटर कम होगी दूरी, यात्रियों का बचेगा समय

नगर निगम आयुक्त बृजेश सिंह क्षत्रिय ने बताया कि नए मार्ग से रेलवे स्टेशन पहुंचने की दूरी वर्तमान मार्ग की तुलना में करीब 500 मीटर कम हो जाएगी। व्यस्त समय में लगभग 10 मिनट तक समय की बचत होने की उम्मीद है। इससे विशेष रूप से ट्रेन पकड़ने के लिए स्टेशन जाने वाले यात्रियों को सुविधा मिलेगी। कलेक्टर चतुर्वेदी ने कहा कि शहर की यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने के लिए वैकल्पिक मार्गों का विकास जरूरी है। उन्होंने अधिकारियों को सड़क निर्माण से जुड़े कार्य प्राथमिकता से पूरा करने और निर्माण के दौरान नागरिकों की सुविधा का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

इस खबर को शेयर करें:

8690517c9326392a68531b5faf7668b00e00b86685972a50e34c21832c7c1c6c?s=90&d=mm&r=g

Editorial

News Room

छत्तीसगढ़ के रायगढ़ से 1988 से निरंतर प्रकाशित दैनिक समाचार पत्र 'केलो प्रवाह' का यह Official Digital News Room है। हमारी संपादकीय टीम देश और छत्तीसगढ़ की प्रमुख खबरों, सीएम की गतिविधियों और शासन की जनहितैषी योजनाओं को प्रमुखता से साझा करती है। किसानों के हित में समर्पित हमारी टीम, 'जल, जंगल और जमीन' से जुड़े संवेदनशील मुद्दों और विभिन्न विभागों में पारदर्शिता सुनिश्चित करने वाली रिपोर्टिंग के साथ ही सुदूर अंचलों की ज़मीनी हकीकत को सामने लाती है। जनहित से जुड़ी गतिविधियों, खनिज और औद्योगिक क्षेत्रों की 'Exclusive' खबरों को Evidence के साथ प्रमाणिकता से प्रकाशित करना हमारी प्राथमिकता है। राजनीति, प्रशासन, अपराध, स्पोर्ट्स, रोज़गार, खेती-किसानी और धार्मिक विषयों सहित हर क्षेत्र की खबरों को पूरी शुचिता के साथ प्रस्तुत करना ही हमारा संकल्प है।

Share: