रायगढ़। मजबूत लोकतंत्र और भविष्य की राजनीति में युवा बढ़ चढ़कर आगे आएं वित्त मंत्री ओपी चौधरी की मंशा सदैव यही रही है। उनका मानना है कि समावेशी समाज और सशक्त लोकतांत्रिक संस्थाओं के निर्माण के लिए युवाओं की नागरिक सहभागिता और राजनीतिक भागीदारी बढ़ाना अत्यंत महत्वपूर्ण है। यही कारण है कि रायगढ़ जिले के नगर पंचायत पुसौर में विकास कुमार होता को एल्डरमैन नियुक्त किया गया है।
इस नियुक्ति से जहां युवाओं को राजनीति में बढ़ चढ़कर हिस्सा लेने की प्रेरणा मिलेगी वहीं विकास की नियुक्ति ने यह साबित कर दिया है कि युवा यदि संगठन के प्रति समर्पित होकर निरंतर कार्य करते रहें तो उन्हें उनका प्रतिसाद अवश्य प्राप्त होगा। वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने अपने निवास कार्यालय में साल और श्रीफल भेंट कर विकास को सम्मानित किया। विकास ने कहा कि वित्त मंत्री ओपी चौधरी उनके प्रेरणास्रोत हैं। उनके विजन और विकास कार्यों से वे सदैव प्रभावित रहे हैं। यही कारण है कि राजनीति और सामाजिक क्षेत्र में वे हमेशा से सक्रिय रहे हैं।
विकास कुमार होता इससे पहले पुसौर में पन्ना प्रमुख और मंडल मीडिया प्रभारी की जिम्मेदारी भी निभा चुके हैं। वहीं 10 वर्षों से भी अधिक समय से प्रदेश स्तर पर भाजपा के दिग्गज नेताओं के सोशल मीडिया के लिए कार्य कर चुके हैं, जिनमें पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह, पूर्व नगरीय प्रशासन मंत्री अजय चंद्राकर, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गौरीशंकर अग्रवाल जैसे कई नाम शामिल हैं। एक लम्बे अनुभव के साथ आज भारतीय जनता पार्टी ने उन्हें नगर पंचायत पुसौर का मनोनीत पार्षद नियुक्त किया है।





















