छोड़कर सामग्री पर जाएँ

खेतों से केबल चोरी करने वाले दो शातिर चोर गिरफ्तार, पुसौर पुलिस ने तांबा तार और बाइक की जब्त

Two notorious cable thieves arrested

रायगढ़। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में संपत्ति संबंधी अपराधों पर प्रभावी कार्रवाई करते हुए पुसौर पुलिस ने खेतों में सिंचाई के लिए लगाए गए बोर के केबल वायर चोरी करने वाले दो सक्रिय आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा है। आरोपियों के कब्जे से चोरी के केबल को जलाकर निकाला गया करीब 2 किलो तांबे का तार तथा वारदात में प्रयुक्त प्लेटिना मोटरसाइकिल जब्त की गई है।

दरअसल थाना प्रभारी पुसौर निरीक्षक हर्षवर्धन सिंह बैस को पिछले कुछ समय से क्षेत्र के किसानों द्वारा खेतों में लगे बोरवेल के केबल वायर चोरी होने की लगातार शिकायतें प्राप्त हो रही थीं। इसे गंभीरता से लेते हुए थाना प्रभारी ने मुखबिर तंत्र सक्रिय कर आरोपियों की पतासाजी शुरू कराई। इसी दौरान दिनांक 05 जुलाई 2026 को प्रार्थी ऋषिकेश साव उर्फ संतोष साव (35 वर्ष), निवासी रेंगालपाली ने थाना पुसौर में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसके खेत में सिंचाई के लिए लगाए गए बोरवेल का 100 मीटर केबल वायर, जिसकी कीमत लगभग 20,000 रुपये है, अज्ञात चोर द्वारा चोरी कर लिया गया है। रिपोर्ट पर थाना पुसौर में अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई।

विवेचना के दौरान प्राप्त मुखबिर सूचना के आधार पर पुलिस ने विक्रांत सिदार (22 वर्ष) एवं दिगम्बर मांझी (26 वर्ष), दोनों निवासी रेंगालपाली, थाना पुसौर को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में दोनों ने मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। मेमोरेंडम कथन के आधार पर आरोपी विक्रांत सिदार के कब्जे से चोरी के केबल को जलाकर निकाला गया करीब 2 किलोग्राम तांबे का तार तथा आरोपी दिगम्बर मांझी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त प्लेटिना मोटरसाइकिल क्रमांक CG-13 AV-0523 बरामद कर विधिवत जप्त किया गया।

दोनों आरोपियों द्वारा मिलकर अपराध करना पाए जाने पर धारा 3(5) भारतीय न्याय संहिता (BNS) भी प्रकरण में जोड़ी गई। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। खेतों में लगातार हो रही केबल चोरी की घटनाओं का खुलासा कर आरोपियों की गिरफ्तारी में थाना प्रभारी पुसौर निरीक्षक हर्षवर्धन सिंह बैस एवं थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

इस खबर को शेयर करें:

8690517c9326392a68531b5faf7668b00e00b86685972a50e34c21832c7c1c6c?s=90&d=mm&r=g

Editorial

News Room

छत्तीसगढ़ के रायगढ़ से 1988 से निरंतर प्रकाशित दैनिक समाचार पत्र 'केलो प्रवाह' का यह Official Digital News Room है। हमारी संपादकीय टीम देश और छत्तीसगढ़ की प्रमुख खबरों, सीएम की गतिविधियों और शासन की जनहितैषी योजनाओं को प्रमुखता से साझा करती है। किसानों के हित में समर्पित हमारी टीम, 'जल, जंगल और जमीन' से जुड़े संवेदनशील मुद्दों और विभिन्न विभागों में पारदर्शिता सुनिश्चित करने वाली रिपोर्टिंग के साथ ही सुदूर अंचलों की ज़मीनी हकीकत को सामने लाती है। जनहित से जुड़ी गतिविधियों, खनिज और औद्योगिक क्षेत्रों की 'Exclusive' खबरों को Evidence के साथ प्रमाणिकता से प्रकाशित करना हमारी प्राथमिकता है। राजनीति, प्रशासन, अपराध, स्पोर्ट्स, रोज़गार, खेती-किसानी और धार्मिक विषयों सहित हर क्षेत्र की खबरों को पूरी शुचिता के साथ प्रस्तुत करना ही हमारा संकल्प है।

Share: