रायगढ़। पुसौर थाना क्षेत्र के अंतर्गत रैबार और चिखली के बीच मुख्य मार्ग पर रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार और लापरवाही से आ रही एक पिकअप वाहन ने सामने से आ रहे मोटरसाइकिल सवार सब्जी व्यवसायी को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में बाइक सवार की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।
सुबह सब्जी लेकर रायगढ़ जा रहा था व्यवसायी
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, सक्ति जिले के ग्राम चंद्रपुर (मांझीपारा, वार्ड क्रमांक 06) का रहने वाला शत्रुघन मेहर सब्जी बिक्री का व्यवसाय करता था। हर दिन की तरह रविवार, 5 जुलाई 2026 की सुबह भी वह अपनी मोटरसाइकिल (क्रमांक CG13BF – 4628) पर सब्जी लादकर रायगढ़ मंडी की ओर जा रहा था।
सामने से आ रही पिकअप ने मारी सीधी टक्कर
शत्रुघन अभी पुसौर क्षेत्र के ग्राम रैबार और चिखली के बीच मुख्य मार्ग पर पहुंचा ही था कि रायगढ़ की ओर से आ रही एक तेज रफ्तार पिकअप (क्रमांक CG06HD-3685) के चालक ने वाहन को लापरवाही और उपेक्षापूर्ण ढंग से चलाते हुए उसकी मोटरसाइकिल को सामने से सीधी टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि शत्रुघन मोटरसाइकिल सहित सड़क पर दूर जा गिरा। इस हादसे में उसके शरीर और सिर पर गंभीर चोटें आईं, जिसके कारण उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
भाई की शिकायत पर मामला दर्ज, आरोपी चालक की तलाश जारी
घटना की सूचना मिलते ही मृतक के भाई संजय मेहर मौके पर पहुंचे, जिन्होंने पुसौर थाने में मामले की रिपोर्ट दर्ज कराई। संजय ने बताया कि जब वे दुर्घटनास्थल पर पहुंचे, तो उनका भाई मृत अवस्था में पड़ा था और दुर्घटनाकारित पिकअप वाहन वहीं सड़क पर खड़ी थी, जबकि उसका चालक पुलिस और भीड़ के डर से मौका देखकर भाग निकला था।
पुलिसिया कार्रवाई : पुसौर थाना पुलिस ने मृतक के भाई की शिकायत पर फरार पिकअप चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 106(1) के तहत मामला दर्ज कर लिया है।





















