छोड़कर सामग्री पर जाएँ

रायगढ़ पुलिस की अनूठी पहल, महिला पुलिसकर्मियों के लिए मासिक धर्म स्वच्छता जागरूकता कार्यशाला आयोजित

रायगढ़ पुलिस की अनूठी पहल
  • स्वास्थ्य, स्वच्छता और सम्मानजनक कार्यस्थल को लेकर महिला पुलिसकर्मियों को किया गया जागरूक
  • मासिक धर्म स्वच्छता, स्वास्थ्य संबंधी सावधानियां एवं पर्यावरण-अनुकूल सेनेटरी अपशिष्ट प्रबंधन की दी गई जानकारी
  • “स्वस्थ महिला पुलिसकर्मी ही बेहतर सेवा और सुरक्षित समाज की मजबूत आधारशिला हैं।” — एसएसपी शशि मोहन सिंह

रायगढ़। महिला पुलिसकर्मियों के स्वास्थ्य, सम्मान और कार्यस्थल पर बेहतर सुविधाओं को प्राथमिकता देते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के दिशा निर्देशन में आज पुलिस लाइन उर्दना में जिला पुलिस रायगढ़ एवं “आगाज़ – एक नई पहल” संस्था के संयुक्त तत्वावधान में मासिक धर्म स्वच्छता प्रबंधन (Menstrual Hygiene Management – MHM) विषय पर विशेष जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का उद्देश्य महिला पुलिसकर्मियों में मासिक धर्म स्वच्छता के प्रति वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करना, इससे जुड़ी भ्रांतियों को दूर करना, सुरक्षित एवं सम्मानजनक स्वच्छता प्रबंधन को बढ़ावा देना तथा पर्यावरण-अनुकूल सेनेटरी अपशिष्ट निस्तारण की जानकारी प्रदान करना था। कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों के स्वागत से हुई। इसके पश्चात जिला स्वच्छता मिशन की नोडल अधिकारी सुश्री मोनिका इजारदार ने मासिक धर्म से जुड़े वैज्ञानिक तथ्यों, व्यक्तिगत स्वच्छता, स्वास्थ्य संबंधी सावधानियों तथा सुरक्षित मासिक धर्म प्रबंधन पर विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने महिलाओं को दैनिक जीवन एवं कार्यस्थल पर अपनाई जाने वाली स्वच्छ आदतों के महत्व पर भी प्रकाश डाला।

इस अवसर पर डीएसपी श्रीमती उन्नति ठाकुर ने महिला पुलिसकर्मियों को स्वास्थ्य एवं स्वच्छता के साथ-साथ कार्यस्थल पर गरिमा बनाए रखने, सेनेटरी पैड के सुरक्षित उपयोग, रखरखाव तथा पर्यावरण-अनुकूल निस्तारण की प्रक्रिया की जानकारी देते हुए कहा कि स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता ही बेहतर कार्यक्षमता और आत्मविश्वास की आधारशिला है। कार्यक्रम के अंत में सभी महिला पुलिसकर्मियों ने मासिक धर्म स्वच्छता, सम्मान और जागरूकता को समाज तक पहुंचाने का सामूहिक संकल्प लिया।

कार्यशाला में “आगाज़ – एक नई पहल” संस्था की फाउंडर सुश्री मोनिका इजारदार, जय कुमार चौहान, प्रकाश जायसवाल, राजेन्द्र साहू, निशि चंदेल सहित शहर एवं जिले के विभिन्न थानों से उपस्थित महिला पुलिसकर्मियों ने सहभागिता की।

एसएसपी शशि मोहन सिंह का संदेश — “महिला पुलिसकर्मियों का स्वास्थ्य, सम्मान और सुरक्षित कार्य वातावरण हमारी प्राथमिकता है। जागरूकता, वैज्ञानिक सोच और बेहतर स्वास्थ्य प्रबंधन से ही वे अपनी जिम्मेदारियों का प्रभावी निर्वहन कर समाज की सेवा और अधिक सशक्त रूप से कर सकती हैं।”

इस खबर को शेयर करें:

8690517c9326392a68531b5faf7668b00e00b86685972a50e34c21832c7c1c6c?s=90&d=mm&r=g

Editorial

News Room

छत्तीसगढ़ के रायगढ़ से 1988 से निरंतर प्रकाशित दैनिक समाचार पत्र 'केलो प्रवाह' का यह Official Digital News Room है। हमारी संपादकीय टीम देश और छत्तीसगढ़ की प्रमुख खबरों, सीएम की गतिविधियों और शासन की जनहितैषी योजनाओं को प्रमुखता से साझा करती है। किसानों के हित में समर्पित हमारी टीम, 'जल, जंगल और जमीन' से जुड़े संवेदनशील मुद्दों और विभिन्न विभागों में पारदर्शिता सुनिश्चित करने वाली रिपोर्टिंग के साथ ही सुदूर अंचलों की ज़मीनी हकीकत को सामने लाती है। जनहित से जुड़ी गतिविधियों, खनिज और औद्योगिक क्षेत्रों की 'Exclusive' खबरों को Evidence के साथ प्रमाणिकता से प्रकाशित करना हमारी प्राथमिकता है। राजनीति, प्रशासन, अपराध, स्पोर्ट्स, रोज़गार, खेती-किसानी और धार्मिक विषयों सहित हर क्षेत्र की खबरों को पूरी शुचिता के साथ प्रस्तुत करना ही हमारा संकल्प है।

Share: