- कृष्ण बल्लभ केशरवानी बने अध्यक्ष, नई कार्यकारिणी का गठन कर विकास और एकता का लिया संकल्प
खरसिया। विकासखंड खरसिया के ग्राम चपले स्थित मंगल भवन में छत्तीसगढ़ कसेर समाज का दो दिवसीय महासभा 4 और 5 अप्रैल 2026 को आयोजित किया गया। इस आयोजन में प्रदेश के विभिन्न जिलों से समाज के महिला एवं पुरुष बड़ी संख्या में शामिल हुए। कार्यक्रम की शुरुआत समाज की कुलदेवी माता सती (दुर्गा) की विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर की गई। इसके बाद समाज के पूर्व अध्यक्ष स्वर्गीय अभय राम केशरवानी को एक मिनट का मौन धारण कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
महासभा के दौरान समाज के विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई और संगठन को मजबूत करने पर विचार-विमर्श हुआ। इसके पश्चात नए अध्यक्ष के लिए मतदान कराया गया, जिसमें ग्राम तेंदुमुड़ी निवासी कृष्ण बल्लभ केशरवानी (बबलू) ने अध्यक्ष पद पर जीत हासिल की। वहीं ग्राम टेमटेमा की मंजुलता कसेर को उपाध्यक्ष और ग्राम सरवानी के रामप्रसाद कास्यकार को सर्वसम्मति से कोषाध्यक्ष नियुक्त किया गया। ग्राम गोर्रा निवासी मनोज कास्यकार को पुनः सचिव पद की जिम्मेदारी सौंपी गई। सह सचिव के रूप में ग्राम खैरपाली के चेतन कसेर को नियुक्त किया गया, जबकि कमल कसेर (टेमटेमा) और महेश राम सोनी (चपले) को प्रमुख सदस्य बनाया गया।
चुनाव प्रक्रिया का सफल संचालन संतोष कुमार कास्यकार, नान्ही बाबू कास्यकार और मनोज कास्यकार द्वारा किया गया। निर्वाचन के बाद सभी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का फूलमाला और पुष्पगुच्छ से स्वागत किया गया। वरिष्ठ सदस्य नान्ही बाबू कास्यकार ने नव-निर्वाचित अध्यक्ष को शपथ दिलाई। इस अवसर पर अध्यक्ष कृष्ण बल्लभ केशरवानी ने समाज के प्रति आभार व्यक्त करते हुए सभी से सहयोग की अपील की और समाज के विकास एवं उन्नति के लिए तन, मन और धन से कार्य करने का संकल्प लिया।























