रायगढ़। दो बाईक के आमने-सामने भिड़ंत होने पर एक युवक की मौत होने का मामला प्रकाश में आया है। वहीं दो युवक जख्मी हो गये। पुलिस ने मोटरसायकिल सवार के विरूद्ध जुर्म दर्ज कर आगे की कार्रवाई प्रारंभ कर दी है। उक्त घटना धरमजयगढ़ थाना क्षेत्र की है। इस संबंध में मिली जानकारी के मुताबिक धरमजयगढ़ थानांतर्गत ग्राम फतेहपुर निवासी गंगाराम अगरिया आने एक अन्य साथी जागर साय बैगा के साथ गुरूवार की शाम को एचएफ डीलक्स बाईक (क्रमांक सीजी 13 एएल 6739) से ग्राम जबगा जाने के लिए निकला था।
रास्ते में पोराडीह मेन रोड के पास विपरित दिशा से आ रही मोटरसायकिल (क्रमांक सीजी 13 युएच 3738) के चालक नरेश बैगा ने तेज रफ्तार एवं लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए गंगाराम की बाईक को सामने से ठोकर मार दिया। इस घटना में दोनों बाईक सवार गिर गये। वहीं गंगाराम को गंभीर चोट आई थी तथा गंगाराम के साथ बैठे जगर साय व नरेश बैगा भी चोटिल हो गये।
आस पास के लोगों ने तीनों को धरमजयगढ़ अस्पताल ले जा कर उपचार के लिए भर्ती कराया गया। अस्पताल में प्रारंभिक जांच उपरांत चिकित्सकों ने गंगाराम अगरिया को मृत घोषित कर दिया। इस घटना में मृतक के पिता रूपसिंह अगरिया की रिपोर्ट पर धरमजयगढ़ पुलिस ने आरोपी बाईक चालक नरेश बैगा निवासी ग्राम उदउदा के विरूद्ध बीएनएस की धारा 106 (1), 125 (ए), 281 के तहत जुर्म दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
























