रायगढ़। खदान से कोयला लोड कर निकले ट्रक चालक द्वारा गंतव्य स्थान पर पहुंचने के बजाए कोयले को अन्यत्र बेच देने का मामला प्रकाश में आया है। ट्रांसपोर्ट कर्मचारी ने तदाशय की लिखित रिपोर्ट थाने में कराते हुए बताया कि ट्रक में 24.620 मीट्रिक टन कोयला लोड था, जिसकी कीमत लगभग डेढ़ लाख रूपए है। पुलिस ने वाहन चालक के विरूद्ध धोखाधड़ी का अपराध पंजीबद्ध कर उसकी पतासाजी प्रारंभ कर दी है। अमानत में खयानत का उक्त वाकया घरघोड़ा थाना क्षेत्र का है। इस संबंध में मिली जानकारी के अनुसार रायगढ़ के विनोबा नगर बोईरदादर निवासी विवेक पाण्डेय पिता भागवत प्रसाद पाण्डेय उत्तरप्रदेश के गोरखपुर निवासी राजनाथ यादव की ट्रांसपोर्ट के रायगढ़ स्थित कार्यालय में कार्य करता है।
विवेक पाण्डेय ने घरघोड़ा थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराते हुए बताया कि जामपाली खदान से उसके स्वंय केे नाम पर माह जनवरी का कोयला का डी. ओ. था जिसके अंतर्गत जामपाली खदान से अकलतरा स्थित आरसमेटा प्लांट कोयला भेजने के लिए वह 27 जनवरी को खदान के बाहर लिफ्टर वाहन ढूंढ रहा था तभी खदान के बाहर खड़ी ट्रक (क्रमांक सीजी- 12 एस- 4455) के चालक से पूछताछ करने पर उसने स्वयं का नाम लल्लन यादव निवासी झारखंड का होना बताया तथा वर्तमान में दीपका खदान मे ंरह कर स्वंय की ट्रक चलाता है। उससे अकलतरा जाने के लिए 7 सौ रूपए प्रति टन
भाड़ा तय करते हुए विवेक ने जामपाली से 24.620 मीट्रिक टन कोयला लोड करवा कर अकलतरा के लिए रवाना किया था। ट्रक को दुसरे दिन गतंव्य स्थान तक पहुंच जाना था, परंतु निर्धारित समय के बाद भी गाड़ी के नहीं पहुंचने पर आरसमेटा प्लांट अकलतरा से उसे ट्रक के नहंी पहुंचने की सूचना दी गई। इस पर विवेक ने ड्राईवर लल्लन यादव द्वारा दिये गये मोबाईल फोन पर उससे संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन फोन बंद बता रहा था। विवेक ने कई बार फोन लगाया परंतु लल्लन उसका फोन रिसिव नहीं कर रहा था। वहीं लगभग दस दिन बाद उसने फोन रिसिव किया ओर बोला कि तुम्हारा कोयला अन्यत्र बेच दिया हुं जो करना है कर लो। इसके बाद दोबारा लल्लन का फोन नहीं लगा।
ट्रांसपोर्टकर्मी ने उसकी काफी खोजबीन की परंतु कहीं पता नहीं चलने पर थाने की शरण ली। पुलिस ने विवेक पाण्डेय की रिपोर्ट पर आरोपी ट्रक चालक लल्लन यादव के विरूद्ध बीएनएस की धारा 318 (4), 316 (3) के तहत अपराध पंजीबद्ध करते हुए उसकी पतासाजी प्रारंभ कर दी है।









































