छोड़कर सामग्री पर जाएँ

कीचड़ में फंसे ट्रैक्टर को निकालने के दौरान हादसा, इंजन के नीचे दबकर किसान और चालक की मौत

E0A4B9E0A4BEE0A4A6E0A4B8E0A4BE

जशपुरनगर। जशपुर जिले के सन्ना थाना क्षेत्र के टुकू टोली (कोदोपारा) गांव में रविवार सुबह खेत की जुताई के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया। खेत में कीचड़ में फंसे ट्रैक्टर को निकालने के प्रयास में वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में ट्रैक्टर के इंजन के नीचे दबने से किसान और चालक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद दोनों गांवों में शोक का माहौल है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, टुकू टोली (कोदोपारा) निवासी किसान भर्तूराम (पिता-तीजन) अपने खेत की जुताई कराने के लिए भादू निवासी 33 वर्षीय उदय कुमार के साथ रविवार सुबह खेत पहुंचे थे। जुताई के दौरान ट्रैक्टर गहरे कीचड़ में फंस गया। चालक उदय कुमार ने वाहन को बाहर निकालने का प्रयास किया, लेकिन इसी दौरान ट्रैक्टर का संतुलन बिगड़ गया। बताया जा रहा है कि ट्रैक्टर के अगले पहिए ऊपर उठने के बाद वाहन खेत के किनारे स्थित गड्ढे में पलट गया।

इंजन के नीचे दबे दोनों

ट्रैक्टर पलटते ही उसका इंजन किसान भर्तूराम और चालक उदय कुमार के ऊपर आ गिरा। दोनों उसके नीचे दब गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। खेत में काम कर रहे मजदूरों और आसपास मौजूद ग्रामीणों ने तत्काल राहत कार्य शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद दोनों को ट्रैक्टर के नीचे से बाहर निकाला गया और पुलिस को घटना की सूचना दी गई।

पुलिस ने शुरू की जांच

सूचना मिलते ही सन्ना थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने पंचनामा तैयार कर दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए हैं। पुलिस ने मर्ग कायम कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

एक साथ बुझ गए दो घरों के चिराग

हादसे की खबर मिलते ही टुकू टोली (कोदोपारा) और भादू गांव में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने बताया कि दोनों रोज की तरह सुबह खेत के काम के लिए निकले थे, लेकिन किसी ने नहीं सोचा था कि वे वापस नहीं लौटेंगे। एक साथ दो लोगों की मौत से पूरे पंचायत क्षेत्र में मातम पसरा हुआ है।

इस खबर को शेयर करें:

8690517c9326392a68531b5faf7668b00e00b86685972a50e34c21832c7c1c6c?s=90&d=mm&r=g

Editorial

News Room

छत्तीसगढ़ के रायगढ़ से 1988 से निरंतर प्रकाशित दैनिक समाचार पत्र 'केलो प्रवाह' का यह Official Digital News Room है। हमारी संपादकीय टीम देश और छत्तीसगढ़ की प्रमुख खबरों, सीएम की गतिविधियों और शासन की जनहितैषी योजनाओं को प्रमुखता से साझा करती है। किसानों के हित में समर्पित हमारी टीम, 'जल, जंगल और जमीन' से जुड़े संवेदनशील मुद्दों और विभिन्न विभागों में पारदर्शिता सुनिश्चित करने वाली रिपोर्टिंग के साथ ही सुदूर अंचलों की ज़मीनी हकीकत को सामने लाती है। जनहित से जुड़ी गतिविधियों, खनिज और औद्योगिक क्षेत्रों की 'Exclusive' खबरों को Evidence के साथ प्रमाणिकता से प्रकाशित करना हमारी प्राथमिकता है। राजनीति, प्रशासन, अपराध, स्पोर्ट्स, रोज़गार, खेती-किसानी और धार्मिक विषयों सहित हर क्षेत्र की खबरों को पूरी शुचिता के साथ प्रस्तुत करना ही हमारा संकल्प है।

Share: