रायगढ़। बैक से 50 हजार रूपए आहरण करने के बाद उसे बोलेरो वाहन की सीट में रख कर साड़ी खरीदने जाना ग्रामीण को उस वक्त महंगा पड़ गया जब गाड़ी से किसी ने उसके रूपयों से भरे बैग को पार कर दिया। दुकान से जब वह वापस आया तो बैग नहीं देख उसके पैरों तले जमीन सरक गई। वृद्ध ने तदाशय की रिपोर्ट थाने में कराई है जिस पर पुलिस ने अज्ञात उठाईगिरे के विरूद्ध जुर्म दर्ज कर उसकी पतासाजी प्रारंभ कर दी है। उक्त मामला जूटमिल थाना क्षेत्र की है।
इस संबंध में मिली जानकारी के अनुसार पुसौर थानांतर्गत ग्राम रईतराई निवासी मतवार सिंह सिदार पिता स्व. दरशराम सिदार (उम्र 70 वर्ष ) मंगलवार को अपने परिवार के साथ बोलेरो वाहन से कोड़ातराई आया था। वहीं कोड़ातराई स्थित भारतीय स्टेट बैंक से 50 हजार रूपए का आहरण करने के बाद उक्त राशि को बैग में डालकर बोलेरो की सीट पर रख कर नजदीक की कपड़ा दुकान में साड़ी खरीदी करने वे चले गये थे।
खरीदी कर जब वे वापस आये तो देखा कि बोलेरो की सीट में रखा बैग नहीं था। आस पास खोजबीन करने के बाद भी कहीं पता नहीं चलने पर उन्होने थाने की शरण ली। जुटमिल पुलिस ने प्रार्थी मतवार सिंह सिदार की रिपोर्ट पर अज्ञात चोर के विरूद्ध बीएनएस की धारा 305 (बी) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर उसकी पतासाजी प्रारंभ कर दी है।























