रायगढ़। सार्वजनिक उपनयन संस्कार में खाना खाने के दौरान भीड़ भाड़ का फायदा उठा कर अज्ञात उठाईगिरे ने महिलाओं के गले से सोने के जेवर व मोबाईल पार कर देने का सनसनीखेज मामला प्रकाश में आया है। पुलिस ने एक महिला की रिपोर्ट पर अज्ञात आरोपी के विरूद्ध जुर्म दर्ज करते हुए उसकी पतासाजी प्रारंभ कर दी है। उक्त वाकया तमनार थाना क्षेत्र का है।
इस संबंध में मिली जानकारी के अनुसार भूपदेवपुर थानांतर्गत ग्राम देवरी निवासी भानुमति बैरागी मंगलवार को तमनार के हाई स्कूल मैदान में हो रहे सार्वजनिक उपनयन संस्कार में शामिल होने अपनी मां ताराबाई बैरागी के साथ गई थी। दोपहर को साहू सदन में खाना खाने के लिए लाईन लगाने के दौरान भीड़ भाड़ का फायदा उठाते हुए किसी ने उसकी मां के गले में पहने हुए सोने का माला चम्पक कली को पार कर दिया। इसी दौरान वहां खलबली मच गई,
चूंकि चोर ने न केवल ताराबाई के जेवर पर हाथ साफ किया था बल्कि सप्तषिनी भोय निवासी सराईपाली के गले से सोने का मंगलसूत्र, सरिया के पंचधार निवासी लक्ष्मीबाई वैष्णव से सोने का मंगलसूत्र व सराईपाली निवासी नीलिमा प्रधान को मोबाईल भी पार कर दिया था। इस पर उन्होंने सामूहित रूप से तमनार थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है जिस पर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के विरूद्ध बीएनएस की धारा 303 (2) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर उसकी पतासाजी प्रारंभ कर दी है।























