रायपुर, 24 जुलाई 2025। छत्तीसगढ़ में मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है। मौसम विभाग ने 25 से 27 जुलाई तक प्रदेश के कई जिलों में भारी से अति भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। इस दौरान कुछ जिलों में रेड अलर्ट, जबकि कई अन्य जिलों में ऑरेंज और यलो अलर्ट घोषित किया गया है।
मौसम विभाग ने नागरिकों से सावधानी बरतने और प्रशासन को अलर्ट मोड में रहने की सलाह दी है। यदि आप इन दिनों कहीं यात्रा या पिकनिक जैसे प्राकृतिक स्थलों की योजना बना रहे हैं, तो पहले अपने गंतव्य जिले का मौसम अलर्ट जरूर देख लें।
24 जुलाई को बलरामपुर-रामानुजगंज, जशपुर, रायगढ़, सारंगढ़-बिलईगढ़, कांकेर, नारायणपुर, बीजापुर, सुकमा, दंतेवाड़ा और बस्तर जिलों में गरज-चमक और वज्रपात के साथ बहुत भारी बारिश की आशंका जताई गई है, जिस पर ऑरेंज अलर्ट जारी हुआ है। वहीं सूरजपुर, सरगुजा, जीपीएम, कोरबा, बिलासपुर, जांजगीर-चांपा, सक्ति, दुर्ग, बालोद, राजनांदगांव, धमतरी, गरियाबंद सहित कई जिलों में यलो अलर्ट के तहत भारी बारिश की संभावना जताई गई है।
25 जुलाई को हालात और गंभीर हो सकते हैं। बलरामपुर, जशपुर, कांकेर, नारायणपुर, बीजापुर और कोण्डागांव में रेड अलर्ट जारी किया गया है, जहां अति भारी बारिश के साथ वज्रपात का खतरा है। वहीं, बस्तर, दंतेवाड़ा, सुकमा, राजनांदगांव, बालोद, कोरिया, रायगढ़, बिलासपुर, कवर्धा जैसे जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी हुआ है।
अगले दिन यानी 26 जुलाई को राजनांदगांव और मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले रेड अलर्ट की सूची में शामिल हैं। मौसम विभाग का कहना है कि बंगाल की खाड़ी में बन रहे कम दबाव के क्षेत्र और ऊपरी हवा के चक्रवात के कारण प्रदेश में तीन दिन तक मूसलधार बारिश का दौर चलेगा। मानसून द्रोणिका की स्थिति भी इन मौसमी बदलावों की प्रमुख वजह है।
नोट: आम नागरिकों, किसानों और यात्रियों को सलाह दी जाती है कि वे मौसम अपडेट पर नजर रखें, अनावश्यक यात्रा से बचें, और किसी भी आपात स्थिति में स्थानीय प्रशासन से संपर्क करें।





























You must be logged in to post a comment.