रायगढ़। जिंदल रोड पर भगवानपुर के पास रविवार की शाम को स्विफ्ट कार को तेज रफ्तार ट्रक न पीछे से ठोकर मार दी। इस घटना में कार अनियंत्रित होकर डिवाईडर से टकराते हुए पलट गई। हालांकि कार चालक को कोई चोट नहीं आई है लेकिन एक बड़ा हादसा टल गया। वहीं ट्रक चालक वाहन छोड़ कर फरार हो गया। पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है। उक्त वाक्या कोतरा रोड थाना क्षेत्र का है। इस संबंध में मिली जानकारी के मुताबिक रविवार की शाम को जेएसपीएल से रायगढ़ की ओर आ रही स्विफ्ट
कार को भगवानपुर के पास पीछे से आ रही तेज रफ्तार ट्रक (क्रमांक सीजी 13 वी 9146) के चालक ने लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए कार को पीछे से ठोकर मार दी। ट्रक की ठोकर से अनियंत्रित हुई कार सडक़ के बीच डिवाईडर से जा टकराई और पलट गई। बताया जा रहा है कि कार चालक जिंदल एम्पलाई है। हालांकि उसे किसी प्रकार की चोट नहीं आई है। वहीं ट्रक भी जिंदल प्लांट के इंटरनल शिफ्टिंग के कार्य में लगा होना बताया जा रहा है।
इधर घटना के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़ कर फरार हो गया। मामले की सूचना पर कोतरा रोड थाने की टीम मौके पर पंहुची और दुर्घटनाग्रस्त हुई कार व ट्रक को सडक़ से हटवाते हुए मामले को जांच में लिया है।
























