रायगढ़। शहर में गैंगवार के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। बिती रात भी चक्रधरनगर क्षेत्र में पुरानी रंजिश पर ग्राहक सेवा केन्द्र के संचालक को रोक कर आधा दर्जन से अधिक युवकों द्वारा गाली-गलौज देते हुए जान से मारने की धमकी देने का मामला प्रकाश में आया है। पीडि़त ने किसी तरह वहां से भाग कर अपनी जान बचाई। वहीं पुलिस ने पीडि़त की रिपोर्ट पर आरोपियों के विरूद्ध अपराध पंजीबद्ध कर जांच पड़ताल प्रारंभ कर दी है। मिली जानकारी के अनुसार चक्रधरनगर थानांतर्गत बोईरदादर स्थित कृष्ण वाटिका कॉलोनी निवासी पंकज कुमार महाथा पिता स्व. अवधेश कुमार महाथा शालिनी स्कूल के पास ग्राहक सेवा केन्द्र का संचालन करता है।
पंकज कुमार का पूर्व में मनीष सावलानी नाम के युवक के साथ एक केस को लेकर आपसी रंजिश चल रही है। वहीं बीती रात दुकान बंद करने के बाद पंकज अपनी कार (क्रमांक सीजी 13 एपी 6256) से घरेलू सामान लेने चक्रधरनगर चौक आया था जहां पर सभी दुकान बंद हो जाने पर वह वापस अपने घर कृष्ण वाटिका जा रहा था। इसी दौरान बोईरदादर चौक से कुछ लडक़े हाथ में डंडा व राड लेकर दो पहिया वाहन से उसका पीछा करते आ रहे थे। उन्होंने उसकी गाड़ी को रोकने की कोशिश की, तब पंकज ने तेज गति से कार को आगे बढ़ा दिया।वहीं कॉलोनी में जाने के लिए जैसे ही उसने कार धीमी की तब बब्बन सावलानी नाम के युवक ने रॉड से कार के पीछे कांच को मार कर तोड़ दिया और गाड़ी के सामने अपनी गाड़ी अड़ाते हुए रास्ता रोक दिया।
कार के रूकते ही उसके साथ के अन्य युवकों ने पंकज के साथ गाली-गलौज करते हुए जान से मार देने की धमकी देने लगे। इस पर पंकज ने किसी तरह अपनी कार को आगे बढ़ा कर घर पहुंचा, तब युवकों ने उसके घर के सामने भी खड़े होकर काफी देर तक गाली-गलौज करते रहे। वहीं पंकज कुमार महाथा ने मामले की चक्रधरनगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराये जाने पर पुलिस ने आरोपी बब्बन सावलानी, मनीष सावलानी, पंकज सावलानी, नंद लाल व अन्य के विरूद्ध बीएनएस की धारा 126 (2), 296, 3 (5), 324 (4), 351 (2) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है।























