रायपुर। नया रायपुर में एक तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई, जिससे युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे में उसके सिर पर गहरी चोट आई और वह खून से लथपथ सड़क पर बेहोश पड़ा था। तभी मौके से गुजर रहे BSF जवानों ने तत्परता दिखाते हुए प्राथमिक उपचार कर उसकी जान बचाई।
BSF के जवानों ने दिखाई मानवता
घटना स्थल पर पहुंचते ही BSF के अफसर और जवानों ने युवक को CPR दिया, सिर से बह रहे खून को रोकने के लिए कपड़ा बांधा और तुरंत राखी पुलिस को सूचना दी। वहीं, एंबुलेंस देरी से पहुंचने के कारण जवानों ने सड़क से गुजर रहे एक निजी अस्पताल की एंबुलेंस को रोककर घायल को तत्काल राखी उपस्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।
BSF की तत्परता से बची जान
BSF जवानों की त्वरित कार्रवाई से युवक की जान बच गई। उन्होंने न सिर्फ अपनी ड्यूटी निभाई बल्कि मानवता की मिसाल भी पेश की। स्थानीय लोगों ने BSF जवानों की इस सराहनीय पहल की जमकर तारीफ की। हादसे के बाद पुलिस ने भी मौके का मुआयना किया और मामले की जांच शुरू कर दी है।

























