चेन्नई। जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में आज एक ऐसा दृश्य देखने को मिला जिसने रील और रियल लाइफ के अंतर को पूरी तरह मिटा दिया। सुपरस्टार थलपति विजय के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के दौरान स्टेडियम का माहौल किसी विशाल फिल्म सेट में तब्दील हो गया था। प्रशंसकों का जोश और नारों की गूँज वैसी ही थी, जैसी कभी बड़े पर्दे पर ‘बाहुबली’ के शपथ ग्रहण के दौरान माहिष्मती की जनता में देखी गई थी। जैसे ही विजय मंच की ओर बढ़े, लाखों की भीड़ अपने ‘नायक’ के एक शब्द पर पागलपन की हद तक चिल्लाने लगी और “थलपति-थलपति” के नारों से पूरा चेन्नई गूंज उठा।
यह केवल एक राजनैतिक आयोजन नहीं, बल्कि तमिलनाडु की जनता का अपने नेता के प्रति अटूट विश्वास का प्रदर्शन था। राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर ने विजय को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। मुख्यमंत्री विजय के साथ उनके मंत्रिमंडल के 9 सदस्यों ने भी शपथ ली, जिसमें अनुभवी चेहरों के साथ युवा जोश को भी जगह दी गई है। विजय ने अपनी कैबिनेट में अनुभव और युवा ऊर्जा का बेहतरीन संतुलन बनाया है। कैबिनेट के प्रमुख सदस्यों में शामिल हैं:
- एस. कीर्तना: 29 वर्षीय कीर्तना इस मंत्रिमंडल की सबसे युवा और एकमात्र महिला मंत्री हैं।
- ‘बुसी’ एन. आनंद: विजय के सबसे करीबी सहयोगी, जिन्हें कैबिनेट में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी गई है।
- आधव अर्जुन: खेल और बिजनेस पृष्ठभूमि से आने वाले अर्जुन को रणनीतिक विभाग मिलने की उम्मीद है।
- अन्य मंत्रियों में के.ए. सेंगोट्टैयान, के.जी. अरुणराज, पी. वेंकटरमनन, सी.टी.आर. निर्मल कुमार, ए. राजमोहन और के.टी. प्रभु शामिल हैं।
“मैं फरिश्ता नहीं, आपका भाई हूं”
शपथ लेने के बाद जनता को संबोधित करते हुए भावुक विजय ने कहा, “मैं कोई फरिश्ता या चमत्कारिक पुरुष नहीं हूं, मैं आप ही के बीच से निकला एक साधारण इंसान हूं। आपने मुझे सिनेमा में ‘थलपति’ बनाया, अब मैं आपका सेवक बनकर काम करूंगा।” उन्होंने पिछली सरकार पर निशाना साधते हुए राज्य पर 10 लाख करोड़ के कर्ज का जिक्र किया और जल्द ही वित्तीय स्थिति पर ‘श्वेत पत्र’ जारी करने का वादा किया। विजय ने अपनी जीत का श्रेय बच्चों को देते हुए कहा कि उनकी निस्वार्थ प्रेरणा ने ही इस बदलाव की नींव रखी है।
शपथ के तुरंत बाद जनकल्याणकारी फैसलों की झड़ी
शपथ लेने के तुरंत बाद मुख्यमंत्री विजय सीधे सचिवालय पहुँचे और तीन ऐतिहासिक फाइलों पर हस्ताक्षर किए।
- 200 यूनिट मुफ्त बिजली: घरेलू उपभोक्ताओं के लिए 200 यूनिट तक मुफ्त बिजली का प्रावधान।
- महिला सुरक्षा बल: राज्य में महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए एक समर्पित ‘विशेष सुरक्षा बल’ का गठन।
- ड्रग्स मुक्त तमिलनाडु: नशीले पदार्थों की तस्करी को जड़ से खत्म करने के लिए एक विशेष एंटी-ड्रग टास्क फोर्स की स्थापना।
राहुल गांधी की मौजूदगी ने बढ़ाई हलचल
इस शपथ ग्रहण समारोह की भव्यता तब दोगुनी हो गई जब कांग्रेस नेता राहुल गांधी मुख्य अतिथि के रूप में मंच पर पहुंचे। राहुल गांधी और थलपति विजय की गर्मजोशी भरी मुलाकात और एक-दूसरे का हाथ थामकर जनता का अभिवादन करने वाली तस्वीर ने सोशल मीडिया पर आग लगा दी है। राजनीतिक गलियारों में चर्चा तेज है कि राहुल की मौजूदगी ने यह साफ कर दिया है कि विजय की ‘तमिलागा वेट्ट्री कझगम’ (TVK) आने वाले समय में राष्ट्रीय राजनीति और ‘इंडिया’ (I.N.D.I.A.) गठबंधन में एक निर्णायक भूमिका निभा सकती है।विजय का यह राज्याभिषेक राज्य की छह दशक पुरानी द्रविड़ राजनीति के पारंपरिक ढांचे में एक बड़े बदलाव का स्पष्ट संकेत है।























