नई दिल्ली: तमन्ना भाटिया और सिद्धार्थ मल्होत्रा अभिनीत आगामी फिल्म ‘द वन: फोर्स ऑफ द फॉरेस्ट’ का छठ गीत ‘छठी मैया’ रिलीज होते ही धूम मचा रहा है। इस भक्तिपूर्ण गीत ने दर्शकों का जबरदस्त प्यार बटोरा है, महज तीन दिनों में 29 मिलियन से अधिक व्यूज के साथ रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। बॉलीवुड से आया यह छठ गीत न केवल वायरल हो रहा है, बल्कि इसने भोजपुरी संगीत उद्योग के पारंपरिक छठ गीतों को भी लोकप्रियता में पीछे छोड़ दिया है।
‘हनुमान अंश’ के भजन को किया ढेर
‘छठी मैया’ ने अपनी जबरदस्त लोकप्रियता से सबको चौंका दिया है। इस गाने ने इन दिनों धूम मचा रही फिल्म ‘हनुमान अंश’ के हिट भजन ‘मैंने तेरे ही भरोसे’ को भी व्यूज के मामले में पीछे छोड़ दिया है। तमन्ना और सिद्धार्थ के इस गाने ने यूट्यूब और सोशल मीडिया पर तहलका मचा दिया है, जो एक बॉलीवुड गीत के लिए अभूतपूर्व सफलता है।
संस्कृति से जुड़ाव और फिल्म का बज़
यह गीत बिहार, झारखंड और उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में धूमधाम से मनाए जाने वाले महापर्व छठ की रीति-रिवाजों और परंपराओं की यादें ताज़ा करता है, जिससे लोगों की गहरी आस्था और धार्मिक भावनाएं जुड़ी हुई हैं। गाने की इस अपार सफलता ने फिल्म ‘द वन: फोर्स ऑफ द फॉरेस्ट’ को लेकर भी उत्सुकता बढ़ा दी है। यह एक सुपरनेचुरल थ्रिलर है जो भारतीय लोककथाओं और पौराणिक मान्यताओं पर आधारित है।
फिल्म 25 सितंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। ‘छठी मैया’ गीत को विशाल मिश्रा ने कंपोज किया है और गाया भी है, जबकि इसके बोल कौशल किशोर ने लिखे हैं। विशाल मिश्रा की भक्तिपूर्ण आवाज़ दुनियाभर में बसे भारतीयों को अपने घर और इस महापर्व की याद दिला रही है।























