मुंबई। टी20 विश्व कप के रोमांचक सेमीफाइनल मुकाबले में आज मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में भारत और इंग्लैंड के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिली। इंग्लैंड ने टॉस जीतकर पहले फील्डिंग करने का निर्णय लिया और भारतीय टीम को बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया। भारत की ओर से सलामी बल्लेबाज संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा मैदान पर उतरे। प्रशंसकों को अभिषेक से एक बड़ी पारी की उम्मीद थी, लेकिन वे इस बार भी असफल रहे और मात्र 9 रन बनाकर विल जैक्स का शिकार बने। हालांकि, पिछले मैचों की तरह संजू सैमसन का शानदार प्रदर्शन जारी रहा और उन्होंने 89 रनों की आतिशी पारी खेली। मध्यक्रम में ईशान किशन ने 39 और शिवम दुबे ने 40 रनों का महत्वपूर्ण योगदान दिया।
अंत के ओवरों में हार्दिक पांड्या (27) और तिलक वर्मा (21) की तेज पारियों की बदौलत भारत ने 7 विकेट खोकर 254 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंग्लैंड की शुरुआत बेहद खराब रही। पावरप्ले के 6 ओवरों के भीतर ही उसके तीन प्रमुख बल्लेबाज – बटलर, ब्रूक और फिल साल्ट पवेलियन लौट गए। लेकिन 22 साल के युवा इंग्लिश खिलाड़ी जैकब बेथल ने हार नहीं मानी। उन्होंने विल जैक्स के साथ मिलकर एक जबरदस्त साझेदारी की और शानदार शतक जड़कर इंग्लैंड को मैच में बनाए रखा। विल जैक्स ने 35, बटलर ने 25 और सैम करन ने 18 रनों की पारी खेली।
जब तक 105 रन बनाने वाले जैकब बेथल मैदान पर थे, ऐसा लग रहा था कि वे मैच भारत के हाथ से छीन लेंगे। 19वें ओवर तक मैच पूरी तरह फंसा हुआ था, लेकिन हार्दिक पांड्या के एक सटीक थ्रो और शानदार फील्डिंग ने पासा पलट दिया। भारत ने यह बेहद करीबी मुकाबला मात्र 7 रनों से जीतकर फाइनल का टिकट कटाया।गेंदबाजी की बात करें तो टी20 स्पेशलिस्ट वरुण चक्रवर्ती इस मैच में काफी महंगे साबित हुए; उन्होंने 4 ओवर में 64 रन देकर 1 विकेट लिया। अर्शदीप सिंह ने 51 रन देकर 1 विकेट और अक्षर पटेल ने 35 रन देकर 1 विकेट लिया। हालांकि, जसप्रीत बुमराह और हार्दिक पांड्या ने मैच जिताऊ स्पेल डाले।
दोनों ने मिलकर अपने कोटे के 8 ओवरों में 71 रन खर्च कर 3 महत्वपूर्ण विकेट निकाले। बुमराह की सधी हुई गेंदबाजी ने जीत की नींव रखी और हार्दिक ने अंतिम प्रहार कर इंग्लैंड की उम्मीदों पर पानी फेर दिया। वानखेड़े स्टेडियम में जब तक जैकब बेथल की तूफानी बल्लेबाजी चल रही थी, भारतीय दर्शक खामोश थे और जीत के लिए दुआएं मांग रहे थे। 255 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करते हुए इंग्लिश टीम ने हार नहीं मानी और दर्शकों का दिल जीत लिया। भारतीय टीम अब खिताब से महज एक कदम दूर है। अगर 8 मार्च को अहमदाबाद में होने वाले फाइनल मैच में टीम इंडिया न्यूजीलैंड को हरा देती है, तो वह टी20 विश्व कप चैंपियन बन जाएगी।























