रायपुर: नए साल से पहले छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में डबल मर्डर की घटना से सनसनी फैल गई है। यह मामला डीडी नगर थाना क्षेत्र के चंगोराभांटा इलाके का है, जहां दो युवकों की पत्थर से हमला कर निर्मम हत्या कर दी गई। मृतकों की पहचान सचिन बडोले और कृष्ण यादव के रूप में हुई है। घटना के बाद पुलिस ने तत्काल जांच शुरू कर दी और अब तक 6 संदिग्धों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस अधिकारी दौलत राम पोर्ते ने जानकारी दी कि यह घटना रात करीब 10:30 से 11:30 बजे के बीच हुई। सचिन बडोले और कृष्ण यादव शराब पी रहे थे। इसी दौरान कुछ अन्य युवक वहां पहुंचे और किसी बात पर बहस शुरू हो गई।
बहस ने जल्द ही हिंसक रूप ले लिया, जिसके बाद सचिन और कृष्ण के साथ मारपीट की गई और पत्थर से हमला कर उनकी हत्या कर दी गई।मारे गए युवकों में से सचिन बडोले बजरंग दल के खंड संयोजक थे। इस घटना ने धार्मिक और सामाजिक संगठनों को भी सक्रिय कर दिया है।घटना की खबर मिलते ही विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के पदाधिकारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। संगठनों ने चेतावनी दी है कि यदि आरोपियों को सख्त सजा नहीं दी गई, तो छत्तीसगढ़ में बड़े पैमाने पर प्रदर्शन किया जाएगा। पुलिस ने मौके से साक्ष्य जुटाकर जांच तेज कर दी है।
अब तक 6 लोगों को गिरफ्तार किया गया है और अन्य संदिग्धों की तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही घटना के सभी दोषियों को पकड़ा जाएगा और उन्हें कड़ी सजा दिलाई जाएगी।

प्रदर्शन की चेतावनी
विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल ने कहा है कि वे न्याय सुनिश्चित होने तक पीछे नहीं हटेंगे। अगर मामले में देरी हुई या कार्रवाई में कोताही बरती गई, तो राज्यव्यापी विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।


























You must be logged in to post a comment.