रायगढ़। सारंगढ़ जनपद पंचायत अध्यक्ष ममता सिंह ठाकुर एवं उनके पति राजीव सिंह ठाकुर को भाजपा ने पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से 6 वर्ष के लिए निष्कासित कर दिया है। जनपद अध्यक्ष चुनाव के दौरान पार्टी के अधिकृत प्रत्याशी के खिलाफ चुनाव लडऩे पर बीजेपी के प्रदेश कार्यालय से प्रदेश महामंत्री जगदीश रामू रोहरा ने दोनों का निष्कासन आदेश जारी किया है। भारतीय जनता पार्टी ने नगरीय निकाय त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में पार्टी के विरूद्ध कार्य करने की शिकायत पर कार्रवाई प्रारंभ कर दी है।
इस कड़ी में शनिवार को सारंगढ़ जनपद पंचाायत अध्यक्ष ममता सिंंह ठाकुर एवं उनके पति राजीव सिंह ठाकुर को 6 वर्ष के लिए निष्कासित कर दिया है। सारंगढ़ में जनपद अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी ने रजनी पटेल को अधिकृत प्रत्याशी घोषित किया था परंतु पार्टी के सक्रिय सदस्य होने के बावजूद राजीव सिंह ठाकुर ने अपनी पत्नी ममता सिंह ठाकुर को भी अध्यक्ष पद के लिए विपक्षी दल कांग्रेस के सहयोग से चुनाव में खड़ा कर दिया था।
इस वजह से भाजपा प्रत्याशी को हार का मु़ंह देखना पड़ा। यही वजह है कि दोनों को पार्टी के बाहर का रास्ता दिखाया गया है। सूत्रों की यदि मानें तो सारंगढ़ में एक-दो और भाजपा नेताओं पर भी निष्कासन की गाज गिर सकती है।























