छोड़कर सामग्री पर जाएँ

एकलव्य स्कूल 9वीं के छात्र ने की खुदकुशी: हॉस्टल के टॉयलेट में फंदे पर लटका शव

PointBlur Aug062026 173726

छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। पलाड़ी कला स्थित एकलव्य आवासीय विद्यालय के हॉस्टल में 9वीं कक्षा के छात्र ओमेश कुमार कंवर (15) ने टॉयलेट में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा है और उन्होंने स्कूल के प्रिंसिपल पर गंभीर आरोप लगाए हैं। मृतक छात्र ग्राम बासीन का रहने वाला था और उसके पिता खेती-किसानी करते हैं। गुरुवार सुबह जब साथी छात्रों ने ओमेश का शव टॉयलेट में फांसी के फंदे पर लटका देखा, तो तुरंत इसकी जानकारी स्कूल प्रबंधन को दी।

आनन-फानन में छात्र को फंदे से उतारकर जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की खबर मिलते ही अस्पताल पहुंचे परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक के चचेरे भाई संजय कंवर का आरोप है कि प्रिंसिपल मनोज गुप्ता छात्र को छोटी-छोटी बातों पर डांटते और प्रताड़ित करते थे। इसी मानसिक प्रताड़ना से तंग आकर ओमेश ने यह आत्मघाती कदम उठाया है। परिजनों ने प्रिंसिपल के खिलाफ सख्त आपराधिक मामला दर्ज करने की मांग की है। मामले की गंभीरता को देखते हुए राष्ट्रीय आदिवासी छात्र शिक्षा समिति (NESTS) के आयुक्त ने प्राचार्य मनोज गुप्ता को तत्काल प्रभाव से निलंबित (सस्पेंड) कर दिया है।

वहीं, जब इस पूरे विवाद पर प्रिंसिपल से बात करने की कोशिश की गई, तो उन्होंने कैमरे के सामने कुछ भी बोलने से साफ इनकार कर दिया।स्थानीय लोगों का कहना है कि कुछ दिन पहले ही छात्रों ने हॉस्टल की बदहाली को लेकर कलेक्टर से शिकायत की थी, लेकिन कोई सुधार नहीं हुआ। फिलहाल सक्ती SDOP नेश्वरी पैंकरा ने बताया कि पुलिस पंचनामा कार्रवाई के बाद हर पहलू से मामले की जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही मौत की असली वजह का खुलासा हो सकेगा।

इस खबर को शेयर करें:

8690517c9326392a68531b5faf7668b00e00b86685972a50e34c21832c7c1c6c?s=90&d=mm&r=g

Editorial

News Room

छत्तीसगढ़ के रायगढ़ से 1988 से निरंतर प्रकाशित दैनिक समाचार पत्र 'केलो प्रवाह' का यह Official Digital News Room है। हमारी संपादकीय टीम देश और छत्तीसगढ़ की प्रमुख खबरों, सीएम की गतिविधियों और शासन की जनहितैषी योजनाओं को प्रमुखता से साझा करती है। किसानों के हित में समर्पित हमारी टीम, 'जल, जंगल और जमीन' से जुड़े संवेदनशील मुद्दों और विभिन्न विभागों में पारदर्शिता सुनिश्चित करने वाली रिपोर्टिंग के साथ ही सुदूर अंचलों की ज़मीनी हकीकत को सामने लाती है। जनहित से जुड़ी गतिविधियों, खनिज और औद्योगिक क्षेत्रों की 'Exclusive' खबरों को Evidence के साथ प्रमाणिकता से प्रकाशित करना हमारी प्राथमिकता है। राजनीति, प्रशासन, अपराध, स्पोर्ट्स, रोज़गार, खेती-किसानी और धार्मिक विषयों सहित हर क्षेत्र की खबरों को पूरी शुचिता के साथ प्रस्तुत करना ही हमारा संकल्प है।

Share: